राज्य कृषि समाचार (State News)

कृषि महाविद्यालय रायपुर आज मनाएगा 66वां स्थापना दिवस, पूर्व छात्रों और अधिष्ठाताओं का होगा सम्मान

22 मई 2026, रायपुर: कृषि महाविद्यालय रायपुर आज मनाएगा 66वां स्थापना दिवस, पूर्व छात्रों और अधिष्ठाताओं का होगा सम्मान – कृषि महाविद्यालय रायपुर आज अपना 66वां स्थापना दिवस भव्य और ऐतिहासिक अंदाज में मनाने जा रहा है। इस अवसर पर महाविद्यालय में वार्षिक समारोह, छात्र संघ शपथ ग्रहण, पूर्व अधिष्ठाता सम्मान तथा पूर्व छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रथम बैच के विद्यार्थियों से लेकर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले पूर्व छात्रों और वरिष्ठ शिक्षाविदों को सम्मानित किया जाएगा।

स्थापना दिवस समारोह का आयोजन आज दोपहर 2 बजे इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के कृषक सभागार में होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल होंगे। समारोह में नवगठित छात्र संघ के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण भी कराया जाएगा।

पूर्व अधिष्ठाताओं और वरिष्ठ शिक्षकों का होगा सम्मान

महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. आरती गुहे ने बताया कि समारोह में कृषि महाविद्यालय रायपुर के सात पूर्व अधिष्ठाताओं का सम्मान किया जाएगा। इनमें डॉ. एस.एस. बघेल, डॉ. एम.एन. श्रीवास्तव, डॉ. ओ.पी. कश्यप, डॉ. एस.आर. पटेल, डॉ. एम.पी. ठाकुर, डॉ. के.एल. नंदेहा और डॉ. जी.के. दास शामिल हैं।

इन सभी ने अपने कार्यकाल में महाविद्यालय को शिक्षा, अनुसंधान और कृषि विस्तार गतिविधियों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

इसके अलावा महाविद्यालय से सेवानिवृत्त प्राध्यापक डॉ. एम.आर.एच. सिद्धीकी, डॉ. आर.के. साहू और डॉ. वी.एन. साहू को भी सम्मानित किया जाएगा।

प्रथम बैच के विद्यार्थियों सहित कई पूर्व छात्र होंगे सम्मानित

समारोह में कृषि महाविद्यालय रायपुर के प्रथम बैच के तीन विद्यार्थियों को विशेष सम्मान दिया जाएगा। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पूर्व छात्रों (Alumni) को भी सम्मानित किया जाएगा।

सम्मानित होने वाले प्रमुख पूर्व छात्रों में सेवानिवृत्त पुलिस महानिरीक्षक अनिल कुशवाहा, छत्तीसगढ़ कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, मुख्य वन संरक्षक के.आर. बढ़ई, लोक निर्माण विभाग के वित्त नियंत्रक धर्मेंद्र साहू, कृषि विभाग के उप सचिव विकास मिश्रा, बीज प्रमाणीकरण संस्था के प्रबंध संचालक अश्वनी बंजारा, वित्त विभाग के उप सचिव सीताराम तिवारी, संयुक्त संचालक कृषि आर.एल. धुरंधर, गयाराम और गोपिका गबेल, सफल उद्यमी मनमोहन सिंह तथा प्रगतिशील कृषक हर्ष चंद्राकर शामिल हैं।

वर्तमान कुलपति समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी रहे हैं इसी महाविद्यालय के छात्र

डॉ. आरती गुहे ने बताया कि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल, कुलसचिव डॉ. कपिल देव दीपक, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय शर्मा, संचालक अनुसंधान डॉ. वी.के. त्रिपाठी और निदेशक विस्तार सेवाएं डॉ. एस.एस. टूटेजा भी इसी महाविद्यालय के पूर्व छात्र रहे हैं। स्थापना दिवस के अवसर पर उन्हें भी सम्मानित किया जाएगा।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजेगा समारोह

सम्मान समारोह के बाद आयोजित वार्षिक कार्यक्रम में कृषि महाविद्यालय रायपुर के विद्यार्थी रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रतिभा, सृजनशीलता और सांस्कृतिक समृद्धि की झलक देखने को मिलेगी।

1961 में हुई थी महाविद्यालय की स्थापना

उल्लेखनीय है कि कृषि महाविद्यालय रायपुर की स्थापना 22 मई 1961 को हुई थी। शुरुआती दौर में यह महाविद्यालय कवर्धा बाड़ा बैरन बाजार में संचालित होता था। वर्ष 1964 से महाविद्यालय वर्तमान भवन में संचालित किया जा रहा है।

प्रारंभ में यह महाविद्यालय डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय सागर के अंतर्गत संचालित था। बाद में वर्ष 1964 में इसे जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय जबलपुर से संबद्ध किया गया और 20 जनवरी 1987 से यह इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के अंतर्गत संचालित हो रहा है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements