Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

CM योगी का बड़ा ऐलान: यूपी के आम को दिलाएंगे वैश्विक पहचान, एक्सपोर्ट और ब्रांडिंग पर होगा फोकस

04 जुलाई 2026, भोपाल: CM योगी का बड़ा ऐलान: यूपी के आम को दिलाएंगे वैश्विक पहचान, एक्सपोर्ट और ब्रांडिंग पर होगा फोकस – उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि राज्य को दुनिया की सबसे मजबूत मैंगो वैल्यू चेन के रूप में विकसित करने के लिए उत्पादन के साथ-साथ ब्रांडिंग, प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और निर्यात पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने अधिकारियों से आम की अधिक से अधिक किस्मों को जीआई टैग दिलाने की प्रक्रिया तेज करने और वैश्विक बाजार की जरूरतों के अनुरूप पूरी व्यवस्था तैयार करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित आम महोत्सव-2026 के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और प्रदर्शित 800 से अधिक आम की किस्मों की जानकारी भी ली।

उत्पादन के साथ वैल्यू एडिशन पर जोर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश का लक्ष्य केवल आम का उत्पादन बढ़ाना नहीं है, बल्कि उसकी पूरी वैल्यू चेन को मजबूत करना है। इसके लिए अनुसंधान, नई पौध तैयार करने की तकनीक, ड्रोन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित खेती, गुणवत्ता परीक्षण, फूड प्रोसेसिंग, कोल्ड चेन, ब्रांडिंग, ई-कॉमर्स और वैश्विक निर्यात व्यवस्था को एक-दूसरे से जोड़ने की जरूरत है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था विकसित की जाए जिससे उत्तर प्रदेश के किसानों का आम गुणवत्ता, भरोसे और अंतरराष्ट्रीय मानकों पर पूरी तरह खरा उतर सके।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

ब्रांडिंग और ऑर्गेनिक खेती पर रहेगा फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि आम को अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए ब्रांडिंग, पैकेजिंग, उत्पाद की ट्रेसेबिलिटी और ऑर्गेनिक सर्टिफिकेशन पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि दुनिया में ऑर्गेनिक उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में किसानों को अभी से प्रशिक्षण देकर इस दिशा में तैयार करना आवश्यक है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उत्तर प्रदेश में उगाई जाने वाली आम की अधिक से अधिक किस्मों को जीआई टैग दिलाने के लिए उद्यान विभाग आवश्यक प्रक्रिया शुरू करे।

बीज से बाजार तक गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने कहा कि खाद्यान्न, फल और सब्जियों के उत्पादन में रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों का न्यूनतम उपयोग सुनिश्चित करने की दिशा में काम किया जाए। उन्होंने कहा कि बीज से लेकर बाजार तक पूरी प्रक्रिया में गुणवत्ता बनाए रखना जरूरी है, ताकि राज्य के कृषि उत्पाद वैश्विक बाजार में अपनी अलग पहचान बना सकें।

किसानों की आय बढ़ाने का माध्यम बनेगा आम

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आम का एक बाग किसानों के लिए आय के कई अवसर उपलब्ध करा सकता है। फल उत्पादन के साथ-साथ प्रोसेसिंग, कृषि पर्यटन, ऑर्गेनिक उत्पाद, मधुमक्खी पालन, खाद्य प्रसंस्करण और निर्यात जैसी गतिविधियां किसानों की आमदनी बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में किसान सामान्य रूप से एक एकड़ में आम की खेती से दो से तीन लाख रुपये तक का मुनाफा कमा रहे हैं। यदि इसमें वैल्यू एडिशन, प्रोसेसिंग और निर्यात को जोड़ा जाए तो उनकी आय में और बढ़ोतरी हो सकती है।

800 से अधिक किस्मों ने खींचा लोगों का ध्यान

मुख्यमंत्री ने कहा कि आम महोत्सव किसानों और बागवानों को अपनी बेहतरीन किस्मों को प्रदर्शित करने का बड़ा मंच उपलब्ध कराता है। इस वर्ष महोत्सव में उत्तर प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों की 800 से अधिक आम की किस्में प्रदर्शित की गई हैं।

उन्होंने कहा कि वाराणसी और गोरखपुर का लंगड़ा, गोरखपुर का गौरजीत, बस्ती का आम्रपाली, मलिहाबाद का दशहरी, बागपत और सहारनपुर का रटौल समेत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के आम अपनी विशेष खुशबू और स्वाद के कारण लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। इसके अलावा ड्रैगन फ्रूट और कमल जैसे उत्पादों का भी प्रदर्शन किया गया है।

यूपी देश का सबसे बड़ा आम उत्पादक राज्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश के कुल आम उत्पादन में लगभग 26 प्रतिशत की हिस्सेदारी रखता है। प्रदेश के सभी 18 मंडलों, 75 जिलों, 350 तहसीलों और 825 विकासखंडों में आम की खेती की जाती है। यहां 100 ग्राम से लेकर डेढ़-दो किलोग्राम तक वजन वाले आम की विभिन्न किस्में उगाई जाती हैं।

कई देशों में पहुंच रहा यूपी का आम

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि उत्तर प्रदेश का आम ब्रिटेन, संयुक्त अरब अमीरात, कुवैत, मलेशिया, सिंगापुर, न्यूजीलैंड, बेल्जियम, जापान, इटली, रूस और कतर सहित कई देशों में निर्यात किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एपीडा जैसी संस्थाएं किसानों के उत्पादक संगठनों और विदेशी खरीदारों के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने का कार्य कर रही हैं।

जेवर के पास बनेगा टेस्टिंग एंड ट्रीटमेंट पार्क

मुख्यमंत्री ने बताया कि सहारनपुर, वाराणसी, लखनऊ और अमरोहा में आधुनिक पैक हाउस पहले से संचालित हैं, जहां आम की ग्रेडिंग, सॉर्टिंग और पैकिंग की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के पास इंटीग्रेटेड टेस्टिंग एंड ट्रीटमेंट पार्क बनाया जाएगा, जिससे कृषि उत्पादों के निर्यात को और गति मिलेगी।

उन्होंने यह भी बताया कि आम की गुणवत्ता और उत्पादन बढ़ाने के लिए फ्रूट कवर बैग तकनीक को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके तहत उद्यान विभाग आम उत्पादक किसानों को अब तक डेढ़ करोड़ से अधिक फ्रूट कवर बैग उपलब्ध करा चुका है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture