राज्य कृषि समाचार (State News)

ग्रामीण परिवहन, डेयरी और गौ संरक्षण पर मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणाएं

16 जुलाई 2026, इंदौर: ग्रामीण परिवहन, डेयरी और गौ संरक्षण पर मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणाएं – इंदौर में आयोजित राज्य स्तरीय बलराम कृषि महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को गति देने वाली कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जल्द ही मुख्यमंत्री सुगम परिवहन योजना प्रारंभ की जाएगी, जिसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर और सुलभ बस परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे गांवों के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बाजार तक पहुंचने में आसानी होगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए खेती के साथ पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। वर्तमान में मध्यप्रदेश देश के कुल दुग्ध उत्पादन में लगभग 12 प्रतिशत का योगदान देता है, जिसे बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने घोषणा की कि 40 लाख रुपये तक की डेयरी इकाई स्थापित करने पर सरकार 10 लाख रुपये का अनुदान प्रदान करेगी। इस योजना से किसानों और युवाओं को स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार निराश्रित गौवंश के संरक्षण के लिए बड़े स्तर पर गौशालाओं का संचालन कर रही है। गौशाला संचालकों को अब प्रति गौवंश प्रतिदिन 40 रुपये का अनुदान दिया जाएगा, जिससे गौसंरक्षण को और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा।

उन्होंने यह भी बताया कि फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले नीलगाय एवं अन्य वन्य पशुओं की समस्या के समाधान के लिए राज्य सरकार विशेष प्रबंधन योजना लागू कर रही है। इसका उद्देश्य किसानों की फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और कृषि उत्पादन को होने वाले नुकसान को कम करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल कृषि उत्पादन बढ़ाना नहीं, बल्कि किसानों की आय के विविध स्रोत विकसित कर उन्हें आर्थिक रूप से अधिक सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture