राज्य कृषि समाचार (State News)

छिंदवाड़ा: प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने ली जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक

09 मई 2026, छिंदवाड़ाछिंदवाड़ा: प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने ली जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक – प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री एवं छिंदवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री श्री राकेश सिंह ने आज कलेक्टर कार्यालय छिंदवाड़ा के सभाकक्ष में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक ली। बैठक में छिंदवाड़ा सांसद श्री विवेक बंटी साहू, नगर निगम छिंदवाड़ा के महापौर श्री विक्रम अहके, श्री शेषराव यादव, अमरवाड़ा विधायक श्री कमलेश प्रताप शाह, पूर्व मंत्री श्री दीपक सक्सेना, जिले के विभिन्न नगरीय निकायों और जनपद पंचायतों के अध्यक्ष और उद्योग, व्यापार, प्रगतिशील किसान, समाज सेवा, चिकित्सा, विधि आदि क्षेत्रों के नामांकित प्रतिनिधि एवं समिति के सदस्य सचिव कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के साथ ही एसपी श्री अजय पाण्डेय, डीएफओ श्री साहिल गर्ग, एडीएम श्री धीरेन्द्र सिंह, एएसपी श्री आशीष खरे, एसडीएम छिंदवाड़ा श्री सुधीर जैन, कृषि, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगर निगम सहित सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी और संबंधित सभी प्रमुख विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि जिले की चहुंमुखी समृद्धि के लिए मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव की मंशा के अनुरूप प्रदेश के प्रत्येक जिले में जिला विकास सलाहकार समिति का गठन किया गया है।

गेहूं उपार्जन और ई टोकन बुकिंग में कृषकों को न हो कोई परेशानी – बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने सर्वप्रथम जिले में गेहूं उपार्जन और ई टोकन प्रणाली से खाद वितरण की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को फसल विक्रय में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। यदि कहीं स्लॉट बुकिंग या खाद वितरण के लिए ई टोकन बुकिंग में सर्वर की समस्या संज्ञान में आए तो राज्य स्तर से समन्वय कर उसका त्वरित निराकरण सुनिश्चित कराएं। जिले में खाद की पर्याप्त उपलब्धता के संबंध लगातार मीडिया के माध्यम से किसानों तक इसका व्यापक प्रचार प्रसार नियमित रूप से किया जाए। ई टोकन बुकिंग में किसानों को तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जाए।

 बैठक में बताया गया कि जिले में कुल निर्धारित 84 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से गेहूं का उपार्जन कराया जा रहा है, जिनमें 64 गोदाम स्तरीय, 03 मंडी स्तरीय और 17 समिति स्तरीय उपार्जन केंद्र शामिल हैं। जिले के कुल पंजीकृत 29585 किसानों में से अभी तक 18220 किसानों द्वारा स्लॉट बुकिंग की गई है और 8330 किसानों से 46171 मेट्रिक टन गेहूं का उपार्जन कराया जा चुका है। स्लॉट बुकिंग का कार्य 23 मई तक किया जा सकता है और खरीदी का कार्य 26 मई तक जारी रहेगा।

अन्य निर्देश – बैठक में कृषि उपज मंडी कुसमेली में कृषकों को हो रही परेशानी की ओर प्रभारी मंत्री श्री सिंह का ध्यान आकृष्ट कराया गया। बैठक में बताया गया कि व्यापारी निर्धारित समय सीमा के बाद भी कई हफ्तों तक खाद्यान्न मंडी के शेड में रखे रहते हैं, जिसके कारण किसानों को परेशानी हो रही है। इस पर प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने सभी व्यापारियों से आग्रह किया कि शासन की मंशा के अनुरूप किसान हित में जो नियम बनाए गए हैं, उनका पालन सुनिश्चित करें और मंडी के शेड से अपना अनाज समय पर उठाएं।

 कृषकों ने प्रभारी मंत्री का जताया आभार- प्रभारी मंत्री श्री सिंह द्वारा स्वयं भी छिंदवाड़ा जिले के किसानों से क्रय कर जैविक/प्राकृतिक उत्पादों का नियमित उपयोग किया जाता है और वे निरंतर जैविक कृषि को बढ़ावा देने पर जोर देते हैं। उनके मार्गदर्शन में ही बीते माहों से सब्जी मंडी गुरैया में प्रत्येक शनिवार जैविक हाट बाजार लगाया जा रहा है, जिससे जैविक खेती करने वाले किसानों को भी विक्रय का एक स्थान मिला है और उनके उत्पादों को आमजन से भी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। जिसके लिए जिले के जैविक कृषकों ने आज प्रभारी मंत्री श्री सिंह को प्रतीक स्वरूप विभिन्न जैविक उत्पादों की टोकरी भेंट कर उनका आभार जताया।

प्राकृतिक/जैविक खेती को बढ़ावा देने जनप्रतिनिधियों से पुनः की अपील – प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने जैविक/ प्राकृतिक खेती के लाभों से अवगत कराते हुए रासायनिक खेती से मानव और मृदा स्वास्थ्य पर हो रहे दुष्प्रभावों की ओर सभी का ध्यान पुनः आकृष्ट कराया। उन्होंने जिले में हो रही प्राकृतिक और जैविक खेती करने वालों किसानों की सराहना की और सभी जनप्रतिनिधियों से भी जिले में प्राकृतिक/जैविक खेती को और बढ़ावा देने में सहयोग की अपील की। उल्लेखनीय है प्राकृतिक एवं जैविक उत्पादों में विशेष रुचि होने और उनके लाभों के प्रति सजग होने के कारण प्रभारी मंत्री श्री सिंह, स्वयं छिंदवाड़ा के कृषकों से प्राकृतिक/जैविक खेती द्वारा उत्पादित खाद्यान्न क्रय कर उपयोग कर रहे हैं।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements