Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

छिंदवाड़ा: 27 से 31 अक्टूबर तक होगी दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता

27 अक्टूबर 2026, छिंदवाड़ा: छिंदवाड़ा: 27 से 31 अक्टूबर तक होगी दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता – कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के मार्गदर्शन में जिले में गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत उन्नत देशी नस्ल की दुधारू गायों की दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता का आयोजन 27 से 31 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग डॉ. एच.जी.एस. पक्षवार ने बताया कि प्रतियोगिता में सर्वाधिक दुग्ध उत्पादन करने वाली गाय के पशुपालक को प्रथम पुरस्कार के रूप में 1 लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। पुरस्कार राशि विजेताओं के बैंक खातों में जमा की जाएगी।

जिले के 5 वृंदावन ग्रामों में होगी प्रतियोगिता – जिले में मुख्यमंत्री वृंदावन ग्राम के रूप में चयनित 5 ग्रामों में विधानसभा क्षेत्रवार प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इनमें विधानसभा छिन्दवाड़ा के भैंसादंड, परासिया के बिजकवाड़ा, जुन्नारदेव के लहगड़ुआ, अमरवाड़ा के शारदा सालीवाड़ा एवं चौरई के समसवाड़ा शामिल हैं।

प्रतियोगिता में गिर, साहीवाल, थारपारकर, हरियाणा, कांकरेज, मालवी, रेड सिंधी, निमाड़ी एवं राठी सहित उन्नत देशी नस्ल की दुधारू गायों को शामिल किया जाएगा। प्रतियोगिता के दौरान विकासखंड स्तरीय समिति के समक्ष गायों का तीन समय दुग्ध दोहन किया जाएगा। इसके आधार पर दुग्ध उत्पादन का मूल्यांकन कर विजेताओं का चयन किया जाएगा। प्रतियोगिता में सभी वर्गों के पशुपालक भाग ले सकेंगे। ऐसे पशुपालक जिनकी गाय प्रतिदिन 6 लीटर या उससे अधिक दूध देती है, वे प्रतियोगिता में सहभागिता के लिए पात्र होंगे।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

पशुपालकों को प्रोत्साहित करना और देशी नस्लों का संवर्धन योजना का उद्देश्य – गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना का उद्देश्य ग्राम स्तर पर दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना, अधिक दूध उत्पादन करने वाले पशुपालकों को प्रोत्साहित करना तथा उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादक गायों की पहचान करना है। योजना के माध्यम से पशुपालकों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के साथ उन्नत देशी नस्लों के पालन, संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा दिया जाएगा। योजना से पशुपालकों की आय में वृद्धि, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा वृंदावन ग्रामों को दुग्ध उत्पादन और देशी गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

समितियों द्वारा होगा सत्यापन, गोवर्धन पूजा पर मिलेंगे पुरस्कार – प्रतियोगिता के लिए विकासखंड स्तरीय समिति द्वारा आयोजन किया जाएगा। समिति में अनुभाग अधिकारी (राजस्व) तथा पशुपालन एवं डेयरी विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल होंगे। विकासखंड स्तरीय समिति प्रतियोगिता में भाग लेने वाली गायों का भौतिक सत्यापन करेगी तथा दुग्ध उत्पादन के निर्धारित मापदंडों के अनुसार परिणाम तैयार कर जिला स्तरीय समिति को प्रस्तुत करेगी।

जिला स्तरीय समिति प्राप्त आवेदन एवं प्रतियोगिता के परिणामों का परीक्षण और सत्यापन कर विजेताओं के नाम स्वीकृत करेगी। उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा प्रतियोगिता के परिणाम संकलित कर संचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग, भोपाल को प्रेषित किए जाएंगे। प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रतिवर्ष गोवर्धन पूजा दिवस पर पुरस्कृत किया जाएगा।

 यदि प्रथम, द्वितीय अथवा तृतीय स्थान पर दो गायों का दुग्ध उत्पादन समान पाया जाता है, तो तीनों समय के दुग्ध उत्पादन में कम अंतर वाली गाय को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके बाद कम ब्यांत एवं कम उम्र वाली गाय को वरीयता मिलेगी। इन मापदंडों के बाद भी स्थिति समान रहने पर समिति का निर्णय अंतिम होगा।

पुरस्कार राशि का उपयोग शत-प्रतिशत देशी गौवंश के क्रय, संरक्षण एवं संवर्धन में किया जाएगा। पुरस्कृत पशुपालक को राशि के उपयोग का विवरण विकासखंड पशु चिकित्सा अधिकारी को उपलब्ध कराना होगा। विकासखंड पशु चिकित्सा अधिकारी प्राप्त विवरण को विकासखंड स्तरीय समिति के समक्ष प्रस्तुत करेंगे तथा जिला स्तरीय समिति के लिए उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग को उपलब्ध कराएंगे। उप संचालक डॉ. पक्षवार ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपनी उन्नत देशी नस्ल की दुधारू गायों को प्रतियोगिता में शामिल कर योजना का लाभ उठाएं तथा दुग्ध उत्पादन एवं देशी गौवंश के संरक्षण और संवर्धन में सहभागिता करें।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture