राज्य कृषि समाचार (State News)

छिंदवाड़ा: उप संचालक कृषि एवं कृषि वैज्ञानिकों ने किया बीआरसी सेंटर का निरीक्षण

23 मई 2026, छिन्दवाड़ाछिंदवाड़ा: उप संचालक कृषि एवं कृषि वैज्ञानिकों ने किया बीआरसी सेंटर का निरीक्षण – राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के अंतर्गत जिले के विकासखंड मोहखेड़ के ग्राम टेमनीखुर्द में स्थापित बायो इनपुट रिसोर्स सेंटर (बी.आर.सी.) का निरीक्षण आज उप संचालक कृषि सह परियोजना संचालक आत्मा श्री जितेन्द्र कुमार सिंह एवं के.व्ही.के. चंदनगांव के कृषि वैज्ञानिक डॉ. ध्रुव श्रीवास्तव द्वारा किया गया।

ग्राम टेमनी खुर्द के कृषक श्री राजेश पिता सहसु धारे द्वारा योजना अंतर्गत बी.आर.सी. सेंटर की स्थापना की गई है। कृषक श्री राजेश धारे विगत 5 वर्षों से विभिन्न प्रकार के प्राकृतिक घटकों का उपयोग कर 3 एकड़ रकबे में पूर्ण रूप से प्राकृतिक खेती कर रहे हैं। उनके द्वारा उत्पादित प्राकृतिक उत्पादों का जिले के प्राकृतिक जैविक हाट बाजार में प्रति सप्ताह विक्रय किया जाता है, जिससे उन्हें अच्छी आय प्राप्त हो रही है।  कृषक द्वारा बी.आर.सी. सेंटर की स्थापना के बाद 7 एकड़ रकबे में प्राकृतिक खेती करने की योजना बनाई जा रही है तथा ग्राम के अन्य किसानों को भी प्राकृतिक खेती अपनाने के लिये प्रेरित किया जा रहा है, जिससे विकासखंड में प्राकृतिक खेती का रकबा बढ़ सके।

बायो इनपुट रिसोर्स सेंटर में वैज्ञानिक पद्धति से जैव आदान तैयार किए जाएंगे। इसके माध्यम से प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को जीवामृत, घनजीवामृत, केंचुआ खाद तथा प्राकृतिक दवाइयां जैसे नीमास्त्र, ब्रह्मास्त्र एवं अग्निस्त्र विक्रय के लिये उपलब्ध कराए जाएंगे। ऐसे किसान जो स्वयं प्राकृतिक खाद एवं दवाइयां तैयार नहीं कर पाते, वे बी.आर.सी. सेंटर से जैविक आदान क्रय कर प्राकृतिक खेती को सफलतापूर्वक अपना सकेंगे।

उप संचालक कृषि श्री जितेन्द्र कुमार सिंह ने कृषक श्री राजेश धारे के कार्यों की सराहना करते हुए अन्य किसानों को भी प्राकृतिक खेती अपनाने की सलाह दी। वहीं कृषि वैज्ञानिक डॉ. ध्रुव श्रीवास्तव ने बी.आर.सी. सेंटर में उचित मानकों का पालन करते हुए समस्त जैविक आदानों के निर्माण के लिये तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया।  कार्यक्रम में उप परियोजना संचालक आत्मा श्रीमती प्राची कौतू, सहायक संचालक कृषि श्री दीपक चौरसिया, ब्लॉक टेक्नोलॉजी मैनेजर मोहखेड़ श्रीमती प्रिया कराड़े, एईओ मोहखेड़ सुश्री भाग्यश्री कड़वे, एईओ मोहखेड़ श्री सौरभ उईके, एईओ श्री पंकज पराडकर, सहायक तकनीकी प्रबंधक श्री योगेश चोपड़े, कृषक श्री कैलाश सोनवार, श्री मदन चौधरी, डॉ. अखिलेश धारे सहित ग्राम के प्रगतिशील कृषक एवं एनएमएनएफ योजना के अंतर्गत कार्यरत कृषक सखियां उपस्थित थीं।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agric

Advertisements