छिंदवाड़ा: टेमनी खुर्द पहुंचे कृषि विभाग के संचालक भार्गव, बायो रिसोर्स सेंटर का किया निरीक्षण
15 सितंबर 2026, छिंदवाड़ा: छिंदवाड़ा: टेमनी खुर्द पहुंचे कृषि विभाग के संचालक भार्गव, बायो रिसोर्स सेंटर का किया निरीक्षण – मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के विकासखंड मोहखेड़ के ग्राम टेमनी खुर्द में नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग योजना के तहत संचालित गव्या एग्रो नेचुरल्स बायो रिसोर्स सेंटर का किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के संचालक उमाशंकर भार्गव ने निरीक्षण किया। यह केंद्र आत्मा परियोजना के माध्यम से संचालित किया जा रहा है।
प्राकृतिक खेती के आदानों की ली जानकारी
कृषक राजेश धारे पिछले छह माह से केंद्र का संचालन कर रहे हैं। यहां किसानों को प्राकृतिक कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाता है और जीवामृत, घनजीवामृत, बीजामृत, पंचगव्य, ब्रह्मास्त्र, नीमास्त्र, दशपर्णी अर्क सहित विभिन्न प्राकृतिक कृषि आदानों का निर्माण किया जाता है। निरीक्षण के दौरान भार्गव ने किसानों के स्टॉल देखे और उत्पादों, निर्माण प्रक्रिया, गुणवत्ता, विक्रय तथा प्रशिक्षण की जानकारी ली।
किसानों को उचित मूल्य दिलाने पर जोर
भार्गव ने अधिकारियों को किसानों के प्राकृतिक एवं जैविक उत्पादों के लिए बेहतर बाजार और उचित मूल्य उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नागपुर की कंपनियों और संभावित खरीदारों से संपर्क कर विपणन व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया।
500 किसानों का PGS प्रमाणन पूरा
आत्मा परियोजना संचालक धीरज ठाकुर ने बताया कि जिले के सभी विकासखंडों में प्राकृतिक खेती के लिए पंजीकृत किसानों के प्रथम वर्ष के PGS प्रमाणन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसमें मोहखेड़ के करीब 500 किसान शामिल हैं। प्रमाणन से उत्पादों को बाजार में विश्वसनीय पहचान और बेहतर विपणन में मदद मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान भार्गव ने ग्राम राजेगांव की महिला किसान गीता पवार से प्राकृतिक/जैविक रूप से उत्पादित राजमा और हल्दी भी खरीदी और उत्पादन, गुणवत्ता, लागत व बिक्री की संभावनाओं पर चर्चा की। इस दौरान कृषि विभाग के अधिकारी, कृषि सखियां और क्षेत्र के किसान मौजूद रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

