राज्य कृषि समाचार (State News)

बुरहानपुर विधायक ने कृषि उपज मंडी में विकास कार्यों का किया निरीक्षण

20 अप्रैल 2026, बुरहानपुर: बुरहानपुर विधायक ने कृषि उपज मंडी में विकास कार्यों का किया निरीक्षण – बुरहानपुर विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस ने रेणुका माता  रोड़  स्थित कृषि उपज मंडी में राष्ट्रीय कृषि विकास योजना अंतर्गत लगभग 1.50 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले आधुनिक ग्रेडिंग-क्लीनिंग प्लांट के स्थान का निरीक्षण किया। यह पहल क्षेत्र की कृषि व्यवस्था को आधुनिक, व्यवस्थित और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

विधायक श्रीमती चिटनिस ने मंडी प्रांगण का निरीक्षण किया तथा चना खरीदी केन्द्र का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि चना खरीदी केंद्र में किसानों की उपज की तुलाई एवं बिल समय पर बने तथा विलंब की स्थिति में वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया जायें। उर्पाजन केन्द्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की  जाए । किसानों एवं व्यापारियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि मंडी में आने वाले किसानों, व्यापारियों एवं आगंतुकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने हेतु लगभग 20 लाख रुपए की लागत से आरओ प्लांट स्थापित किया जाएगा, जिससे सभी को शीतल एवं स्वच्छ जल का लाभ मिल सके।

इसी कड़ी में सावित्रीबाई फुले फल-सब्जी मंडी तथा रेणुका माता रोड स्थित नवीन एवं पुरानी कपास मंडी प्रांगण को “आदर्श मंडी” के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए गए। इसके अंतर्गत हाईराइज शेड, सुदृढ़ प्रकाश व्यवस्था, आंतरिक सड़कों का निर्माण, जल निकासी व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय, डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड एवं सीसीटीवी निगरानी जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही जर्जर भवनों की मरम्मत, किसानों के लिए विश्राम स्थल, आधुनिक किसान संगोष्ठी भवन, पार्किंग व्यवस्था एवं स्वच्छता प्रबंधन को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।उन्होंने टोल-फ्री नंबर जारी कर किसानों एवं व्यापारियों से सुझाव आमंत्रित करने की बात कही, ताकि सहभागिता के आधार पर मंडी का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।

क्षेत्र में बड़े पैमाने पर होने वाले हल्दी उत्पादन को ध्यान में रखते हुए मंडी में हल्दी की नीलामी व्यवस्था को सुदृढ़ करने, प्रोसेसिंग यूनिट एवं भंडारण सुविधाएं विकसित करने के निर्देश भी दिए गए।इस अवसर पर जिला अध्यक्ष डॉ. मनोज माने, मंडी बोर्ड कार्यपालन यंत्री श्री शैलेंद्र सिंह ठाकुर, कृषि समिति अध्यक्ष श्री किशोर पाटिल, श्री चिंतामन महाजन, श्री अरुण पाटिल, प्रभाकर चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, उपसंचालक कृषि श्री एम.एस. देवके, मंडी सचिव श्री भूपेंद्र सोलंकी, श्री मनीष गंगराड़े, श्री दीपक जैन, श्री अमरजीत सिंह लाम्बा, श्री बलदेवदास नागर, श्री लाला सेठ, श्री मनोज अग्रवाल सहित अन्य उपस्थित रहे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements