भिंड: फसल बीमा माह अभियान अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारम्भ
07 जुलाई 2026, भिंड: भिंड: फसल बीमा माह अभियान अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारम्भ – प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत फसल बीमा माह अभियान (1 जुलाई से 31 जुलाई 2026) के अन्तर्गत आज जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन उपसंचालक कृषि श्री रामसुजान शर्मा की उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम में किसानों को फसल बीमा पाठशाला के माध्यम से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा योजना के लाभों से अवगत कराया गया। कार्यक्रम में जिला प्रबंधक फसल बीमा, जिले के समस्त तहसील प्रतिनिधि फसल बीमा तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
उप संचालक कृषि श्री रामसुजान शर्मा ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों को प्राकृतिक आपदाओं, अतिवृष्टि, अनावृष्टि, ओलावृष्टि एवं अन्य जोखिमों से सुरक्षा प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण योजना है। उन्होंने कहा कि मौसम विभाग के पूर्वानुमानों के अनुसार इस वर्ष सामान्य से कम वर्षा होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। ऐसी परिस्थितियों में किसानों के लिए अपनी फसलों का बीमा कराना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ लेते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी फसलों का बीमा अवश्य कराएं, जिससे किसी भी प्राकृतिक आपदा, अल्पवृष्टि अथवा प्रतिकूल मौसम की स्थिति में होने वाले आर्थिक नुकसान से सुरक्षा प्राप्त की जा सके। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में योजना से जुड़कर अपनी फसलों का बीमा कराने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान किसानों को योजना की पात्रता, प्रीमियम दर, बीमा कवरेज एवं दावा प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 से पूर्व फसल बीमा कराने हेतु प्रेरित किया गया। जिला प्रबंधक फसल बीमा एवं तहसील प्रतिनिधियों ने भी किसानों को योजना के संबंध में जानकारी प्रदान की तथा गांव-गांव जाकर जागरूकता अभियान चलाने की आगामी योजना की जानकारी दी। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जोड़कर उनकी फसलों को सुरक्षा कवच प्रदान करना रहा। “फसल बीमा कराओ, सुरक्षा कवच पाओ” के संदेश के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

