राज्य कृषि समाचार (State News)

सतना में 19 सितंबर को होगा बलराम कृषि महोत्सव, 1500 किसान होंगे शामिल  

17 सितंबर 2026, सतना: सतना में 19 सितंबर को होगा बलराम कृषि महोत्सव, 1500 किसान होंगे शामिल – मध्यप्रदेश के सतना जिले में बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन 19 सितंबर 2026 को कृषि उपज मंडी प्रांगण सतना में किया जाएगा। कार्यक्रम के आयोजन को सुव्यवस्थित एवं भव्य स्वरूप में संपन्न कराने के लिए कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस द्वारा विभिन्न विभागों को आवश्यक व्यवस्थाओं और दायित्वों के संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। कार्यक्रम में कृषकों को कृषि तकनीक, विभागीय योजनाओं और समसामयिक कृषि विषयों की जानकारी दी जाएगी। 

कृषि विज्ञान केंद्र मझगवां के कृषि वैज्ञानिकों द्वारा तकनीकी व्याख्यान भी दिए जाएंगे। कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य, कृषि अभियांत्रिकी, सहकारिता सहित संबंधित विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। कृषकों के पंजीयन एवं साहित्य वितरण की व्यवस्था भी की गई है।

मुख्यमंत्री करेंगे वर्चुअल संबोधन

बलराम कृषि महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का वर्चुअल संबोधन किया जायेगा। इसके लिए राष्ट्रीय सूचना केन्द्र को लिंक कनेक्टिविटी की टेस्टिंग तथा टू-वे कम्युनिकेशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम स्थल की साज-सज्जा, टेंट व्यवस्था, ऑडियो-विजुअल सेटअप, प्रचार-प्रसार, ब्रांडिंग एवं संपूर्ण इवेंट मैनेजमेंट का कार्य शासकीय एजेंसी मध्यप्रदेश माध्यम भोपाल के माध्यम से कराया जाएगा।

कार्यक्रम में 1500 कृषकों को स्थल तक लाने और वापस ले जाने के लिए बसों की व्यवस्था के निर्देश क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को दिए गए हैं। कृषकों की उपस्थिति, आवागमन, सहभागिता, बैठक एवं स्वल्पाहार की व्यवस्था के लिए कृषि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों का दल बनाया गया है। कार्यक्रम स्थल पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए ऊर्जा विभाग को निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम सतना द्वारा दो टैंकर पेयजल उपलब्ध कराने के साथ ही कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई की व्यवस्था की जाएगी। मंच सज्जा एवं अतिथियों के स्वागत के लिए फूल माला, बुके और गमलों की व्यवस्था उद्यानिकी विभाग करेगा।

कलेक्टर द्वारा बलराम कृषि महोत्सव के सफल आयोजन के लिए सहायक संचालक कृषि आर.एस. बागरी एवं सहायक संचालक कृषि लवकुश सिंह को सहायक समन्वय अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल की अधोसंरचना, मंच व्यवस्था, प्रदर्शनी एवं स्टॉल, कृषक पंजीयन, साहित्य वितरण, परिवहन और अन्य व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग अधिकारी-कर्मचारियों को दायित्व सौंपे गए हैं। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों का समय पर निर्वहन करते हुए बलराम कृषि महोत्सव के सफल एवं सुचारू आयोजन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture