बालाघाट: मत्स्य बीज उत्पादन का कार्य तेजी से जारी
10 अगस्त 2026, बालाघाट: बालाघाट: मत्स्य बीज उत्पादन का कार्य तेजी से जारी – मत्स्य पालन को बढ़ावा देने एवं गुणवत्तायुक्त मत्स्य बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में मत्स्य बीज उत्पादन का कार्य तेजी से जारी है। विभागीय योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले को शासकीय एवं निजी क्षेत्र के संयुक्त प्रयासों से 10,400 लाख स्पॉन तथा 1,450 लाख स्टैंडर्ड फ्राय उत्पादन का लक्ष्य प्राप्त हुआ है।
सहायक संचालक मत्स्योद्योग विभाग श्रीमती पूजा रोडगे ने बताया कि जिले के मुरझड़ एवं गर्रा स्थित शासकीय मत्स्य बीज प्रक्षेत्रों में मत्स्य बीज उत्पादन का कार्य प्रारंभ हो चुका है। वर्तमान में शासकीय क्षेत्र में 1,300 लाख स्पॉन तथा 15 लाख स्टैंडर्ड फ्राय का उत्पादन किया जा चुका है। वहीं शासकीय एवं निजी क्षेत्र के संयुक्त प्रयासों से अब तक जिले में कुल 6,965 लाख स्पॉन तथा 884.22 लाख स्टैंडर्ड फ्राय का उत्पादन किया जा चुका है। मत्स्य बीज उत्पादन के निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए उत्पादन कार्य लगातार जारी है और आगामी दिनों में उत्पादन में और वृद्धि होने की संभावना है।
मत्स्य विभाग ने जिले की सभी मत्स्य सहकारी समितियों, समूहों के पट्टाधारकों एवं निजी मत्स्य पालकों से अपील की है कि वे जिले के विभिन्न मत्स्य बीज प्रक्षेत्रों से शासन द्वारा निर्धारित दरों पर उपलब्ध गुणवत्तायुक्त मत्स्य बीज का क्रय कर अपने तालाबों में संचयन प्रारंभ करें। इससे मत्स्य उत्पादन में वृद्धि होगी और मत्स्य पालकों की आय में भी इजाफा होगा। सहायक संचालक श्रीमती रोडगे ने बताया कि गुणवत्तापूर्ण मत्स्य बीज का समय पर संचयन बेहतर उत्पादन का आधार है। इसलिए सभी मत्स्य पालक निर्धारित समय पर मत्स्य बीज का उठाव कर वैज्ञानिक तरीके से मत्स्य पालन अपनाएं, ताकि शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त किया जा सके।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

