राज्य कृषि समाचार (State News)

कोलारस में डीएपी के नाम पर किसानों को ठगने की कोशिश नाकाम

27 जून 2026, कोलारस: कोलारस में डीएपी के नाम पर किसानों को ठगने की कोशिश नाकाम – किसानों को अमानक या नकली कृषि आदान बेचने के कई मामले सामने आ चुके हैं। ऐसा ही एक ताज़ा  मामला शिवपुरी जिले के कोलारस ब्लॉक का सामने आया है, जहां ऑर्गेनिक खाद की बोरियों पर डीएपी लिखकर किसानों को ठगने  की तैयारी थी , लेकिन भनक लगते ही एसडीएम कोलारस और कृषि विभाग की टीम ने कैला देवी  वेयर हाऊस कोलारस के परिसर में  छापा मार कर अवैध रूप से  परिवहन कर क्षेत्र में उर्वरक बेचने की आशंका में ट्रक को जब्त कर ठगी की कोशिश को नाकाम कर दिया । ट्रक से 366 बैग  खाद जब्त  की गई।  फरार ट्रक ड्राइवर  और मौजूद हेल्पर के खिलाफ थाना कोलारस में एफआईआर दर्ज़ की गई है । अब पुलिस विवेचना में पता चलेगा कि ट्रक का मालिक कौन है और बाहर के  कौन से व्यापारी ने कोलारस के किस व्यापारी को उक्त खाद भेजी थी।

 श्री एस एस जाटव , वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी , विकास खंड कोलारस ने कृषक जगत को बताया कि गत  दिनों   सूचना मिलने पर  एसडीएम कोलारस श्री अनूप श्रीवास्तव , तहसीलदार श्री प्रदीप  भार्गव और कृषि विभाग की ओर से मेरे अलावा कृषि विस्तार अधिकारी श्री राहुल दुबे एवं श्री  रवि उपाध्याय , पटवारी श्री शैलेन्द्र धाकड़ की टीम द्वारा कैला देवी  वेयर हाऊस, कोलारस के परिसर में  छापा मार कर अवैध रूप से  परिवहन कर क्षेत्र में उर्वरक बेचने की आशंका में ट्रक (  क्रमांक आर जे -17, जीबी 8058  ) से 366 बोरी खाद जब्त  की गई। ट्रक में रघुवीरा सरदार ऑर्गेनिक सब्सिटीट्यूट ऑफ डीएपी  फास्फेटरिच ऑर्गेनिक मेन्योर  ( कम्पोजीशन ऑर्गेनिक कार्बन 10 % , नाइट्रोजन ( एच एन ) 0 .40 % फास्फेट ( एच पी2 ओ 5 ) 8 %, कम्पनी  श्रीराम एग्रो इंडस्ट्रीज़ ग्राम दहेज जिला भरुच गुजरात के 366 बैग सिले हुए रखे पाए गए।

श्री जाटव ने कहा कि  कार्रवाई के दौरान पंचनामा , जब्ती और सैम्पल लेने के बाद उक्त खाद को  मप्र राज्य सहकारी विपणन संघ ,कोलारस मंडी स्थित गोदाम प्रभारी को सुपुर्द  किया गया तथा  खाली ट्रक को पुलिस थाना कोलारस की अभिरक्षा में रखा गया। फरार ट्रक ड्राइवर  सुनील गुर्जर , निवासी मुरैना और मौजूद हेल्पर कृपाल गिरी निवासी ग्राम खजुरिया कलां , बैरसिया के खिलाफ उर्वरक गुण नियंत्रण आदेश एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम की विभिन्न धाराओं में थाना कोलारस में एफआईआर दर्ज़ की गई।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture