राज्य कृषि समाचार (State News)

मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम बदलेगा करवट, IMD ने डिंडोरी-सिवनी समेत कई जिलों जारी किया बारिश और वज्रपात अलर्ट

16 मई 2026, भोपाल: मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम बदलेगा करवट, IMD ने डिंडोरी-सिवनी समेत कई जिलों जारी किया बारिश और वज्रपात अलर्ट – भारतीय मौसम केंद्र, (IMD) भोपाल  के अनुसार मध्यप्रदेश में शुक्रवार को मौसम का मिलाजुला असर देखने को मिला। प्रदेश के शहडोल संभाग के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई, जबकि चंबल, रीवा, जबलपुर और सागर संभाग के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा हुई। दूसरी ओर खंडवा और रतलाम में लू का असर बना रहा।

प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस खंडवा में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस अमरकंटक (अनूपपुर) में दर्ज हुआ। खरगोन में 44.2 डिग्री, विदिशा, रतलाम और नौगांव में 44 डिग्री तथा बैरसिया-भोपाल में 43.9 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। दूसरी ओर पचमढ़ी में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।

कई जिलों में बारिश और तेज आंधी

मौसम विभाग के अनुसार डिंडोरी, अमरकंटक, मेहंदवानी, पुष्पराजगढ़ और जयसिंहनगर सहित कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। शाहपुरा-डिंडोरी में सबसे अधिक 29 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई।

इसके अलावा जबलपुर एयरपोर्ट पर 56 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। शहडोल और अमरकंटक में 37 किमी प्रति घंटा तथा सागर में 35 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी दर्ज की गई।

भिंड, छतरपुर, सागर, दमोह, कटनी, जबलपुर, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडोरी और मंडला जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हुई। वहीं दमोह, मंडला और कटनी में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। सागर, कटनी और डिंडोरी में धूलभरी आंधी चली।

सिनोप्टिक मौसम परिस्थिति

IMD के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के 26 मई के आसपास केरल पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि जम्मू-कश्मीर और उत्तर पाकिस्तान के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके अलावा दक्षिण राजस्थान, पूर्वी राजस्थान, मध्य उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और विदर्भ क्षेत्र में अलग-अलग ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय बने हुए हैं।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार विदर्भ से लेकर तेलंगाना और तटीय कर्नाटक तक ट्रफ लाइन सक्रिय होने के कारण प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम का असर बना हुआ है।

मौसम पूर्वानुमान: इन जिलों में बारिश और आंधी की संभावना

मौसम विभाग ने डिंडोरी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट और पांढुर्णा जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। वहीं प्रदेश के बाकी जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।

लू और आंधी को लेकर चेतावनी जारी

IMD ने खंडवा और रतलाम जिलों में कहीं-कहीं तीव्र लू चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं विदिशा, रायसेन, राजगढ़, हरदा, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, आगर, गुना, अशोकनगर, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में भी ऊष्ण लहर का असर देखने को मिल सकता है।

इसके अलावा डिंडोरी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट और पांढुर्णा जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी दी गई है।

किसानों के लिए विशेष सलाह

मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे मिट्टी में नमी बनाए रखने के लिए हल्की और बार-बार सिंचाई करें तथा सुबह या शाम के समय ही सिंचाई करें ताकि पानी की बर्बादी कम हो। खेतों में मल्चिंग का उपयोग करने और तेज गर्मी के दौरान उर्वरक एवं कीटनाशकों के छिड़काव से बचने की सलाह दी गई है।

इसके अलावा फसलों में चूसक कीटों की नियमित निगरानी करने और दोपहर की तेज धूप में स्प्रे न करने को कहा गया है। पशुपालकों को भी पशुओं को छायादार और हवादार स्थान पर रखने, दिन में कई बार साफ पानी उपलब्ध कराने और दोपहर 12 से 4 बजे के बीच चराई से बचाने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने गर्मी के तनाव को कम करने के लिए पशुओं पर पानी का छिड़काव करने जैसे उपाय अपनाने की भी सलाह दी है।


आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agricultur

Advertisements