राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए शुरू होगा “खेत बचाओ अभियान”: शिवराज सिंह चौहान

15 मई 2026, नई दिल्ली: प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए शुरू होगा “खेत बचाओ अभियान”: शिवराज सिंह चौहान – केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि देश में रासायनिक उर्वरकों के बढ़ते उपयोग से मिट्टी की उर्वरता प्रभावित हो रही है और धरती को नुकसान पहुंच रहा है। इस स्थिति को सुधारने के लिए केंद्र सरकार अब “खेत बचाओ अभियान” शुरू करने जा रही है। इस अभियान के तहत किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग, प्राकृतिक खेती और जैविक खेती के प्रति जागरूक किया जाएगा।

कृषि भवन, नई दिल्ली में आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में श्री चौहान ने कृषि मंत्रालय, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR), ग्रामीण विकास मंत्रालय तथा भूमि संसाधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग के आह्वान पर विशेष जोर दिया गया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि है और वे हमेशा देशहित में निर्णय लेते हैं। उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री देशवासियों से कोई आह्वान करते हैं तो उसका पालन करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

“वोकल फॉर लोकल” और स्वदेशी अपनाने पर जोर

बैठक में श्री चौहान ने अधिकारियों और कर्मचारियों से स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी कम से कम पांच परिवारों को भी “वोकल फॉर लोकल” और “स्वदेश अभियान” से जोड़ने का प्रयास करें।

केंद्रीय मंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, ई-ऑफिस प्रणाली और वर्चुअल कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने वर्क फ्रॉम होम और हाइब्रिड मॉडल की संभावनाओं पर भी विचार करने को कहा, हालांकि यह भी स्पष्ट किया कि इससे कामकाज प्रभावित नहीं होना चाहिए।

किसानों को जागरूक करेंगी 1657 टीमें

केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि उर्वरकों के संतुलित उपयोग को बढ़ावा देने के लिए ICAR के वैज्ञानिकों के नेतृत्व में 1657 टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें गांव-गांव जाकर किसानों को प्रशिक्षण देंगी और जागरूक करेंगी।

इसके अलावा गांव स्तर पर “खेत बचाओ समितियों” का भी गठन किया जाएगा, ताकि किसानों को प्राकृतिक और जैविक खेती के फायदे समझाए जा सकें।

उन्होंने कहा कि सही तरीके से प्राकृतिक खेती अपनाने पर उत्पादन में कमी नहीं आती है। वर्तमान में देश में 8 लाख हेक्टेयर से अधिक भूमि पर लगभग 18 लाख किसान प्राकृतिक खेती कर रहे हैं। सरकार का लक्ष्य देश की कम से कम 25 प्रतिशत कृषि भूमि पर प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देना है।

जनप्रतिनिधियों को लिखेंगे पत्र

श्री चौहान ने बताया कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए वे स्वयं देशभर के जनप्रतिनिधियों को पत्र लिखेंगे। इसके माध्यम से उनसे अपने-अपने क्षेत्रों में कम से कम 25 प्रतिशत कृषि भूमि पर प्राकृतिक और जैविक खेती को प्रोत्साहित करने का आग्रह किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दूरदर्शी नेता हैं, जो केवल वर्तमान ही नहीं बल्कि आने वाले 50 वर्षों के भारत के बारे में सोचते हैं। राष्ट्रहित में उठाया गया प्रत्येक कदम देश के पुनर्निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देता है।

बैठक के अंत में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि इन सभी बिंदुओं पर जल्द विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि कृषि और ग्रामीण विकास मंत्रालय राष्ट्रहित में एक आदर्श प्रस्तुत कर सके।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agricultu

Advertisements