Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

बुरहानपुर में होगी एग्रीकल्चर बेस्ड रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव : मुख्यमंत्री डॉ. यादव  

16 फरवरी 2026, बुरहानपुर: बुरहानपुर में होगी एग्रीकल्चर बेस्ड रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव : मुख्यमंत्री डॉ. यादव – डॉ. मोहन यादव ने बुरहानपुर में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि जिले में एग्रीकल्चर बेस्ड रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह कॉन्क्लेव क्षेत्र के किसानों, उद्यमियों और निवेशकों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगी तथा बुरहानपुर को कृषि आधारित उद्योगों का मजबूत केंद्र बनाएगी।

मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से 696 करोड़ 37 लाख रुपये लागत के 80 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य मध्यप्रदेश को आत्मनिर्भर और विकसित राज्य बनाना है, और इसमें हर नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

केला और कपास आधारित उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि बुरहानपुर केला और कपास उत्पादन के लिए देशभर में पहचान रखता है। यहां पावरलूम उद्योग भी बड़ी संख्या में संचालित हैं, जिसके कारण बुरहानपुर ‘बुनकरों का शहर’ कहलाता है। प्रस्तावित रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में केला वैल्यू एडिशन, भंडारण, प्रसंस्करण इकाइयों और कपास आधारित उद्योगों के विस्तार पर विशेष फोकस रहेगा। इससे किसानों की आय में वृद्धि होगी और युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिलेंगे।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

उन्होंने घोषणा की कि केला उत्पादक किसानों के हित में जिले में वैल्यू एडिशन और प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित की जाएगी। साथ ही कपास और केला आधारित प्रसंस्करण उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए निवेश आकर्षित किया जाएगा।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

मिनी एयरपोर्ट और अधोसंरचना विकास

मुख्यमंत्री ने बुरहानपुर में मिनी एयरपोर्ट निर्माण की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से उद्योग, व्यापार और पर्यटन को नई गति मिलेगी। साथ ही युवाओं के लिए कौशल आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे, जिससे वे उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित हो सकें।

सिंचाई और जल परियोजनाओं से किसानों को लाभ

मुख्यमंत्री ने ताप्ती ग्राउंड वाटर मेगा रिचार्ज परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके पूर्ण होने से बुरहानपुर की धरती और अधिक उपजाऊ बनेगी। सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से हजारों हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी और किसानों को स्थायी लाभ मिलेगा।

लाड़ली बहना योजना की किस्त जारी

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहना योजना की 33वीं किश्त भी प्रदेश की सवा करोड़ से अधिक महिलाओं के खातों में अंतरित करने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार विकास और जनकल्याण को साथ लेकर आगे बढ़ रही है।

रोड शो और जनसंवाद

मुख्यमंत्री ने जीजामाता चौराहे से नेहरू स्टेडियम तक रोड शो कर नागरिकों का अभिवादन किया। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बुरहानपुर का समग्र विकास सरकार की प्राथमिकता है। एग्रीकल्चर बेस्ड रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के माध्यम से जिले को औद्योगिक और कृषि क्षेत्र में नई पहचान दिलाई जाएगी, जिससे बुरहानपुर आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाएगा।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture