Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

महाकाल की नगरी को विकास का नया विस्तार, सिंहस्थ से पहले बदलती उज्जैन की तस्वीर

12 नवंबर 2026, उज्जैन: महाकाल की नगरी को विकास का नया विस्तार, सिंहस्थ से पहले बदलती उज्जैन की तस्वीर – भारत की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत सदियों से दुनिया को आकर्षित करती रही है। देश के प्रमुख तीर्थ स्थल केवल आस्था के केंद्र नहीं हैं, बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक गतिविधियों के भी महत्वपूर्ण आधार हैं। पिछले कुछ वर्षों में धार्मिक पर्यटन को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में केंद्र सरकार ने विशेष प्रयास किए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी विश्वनाथ धाम के पुनर्विकास के माध्यम से धार्मिक स्थलों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने और उनकी ऐतिहासिक पहचान को नई ऊंचाई देने की पहल की। इस पहल ने देश के अन्य धार्मिक नगरों के विकास के लिए भी नई राह दिखाई।

मध्यप्रदेश में उज्जैन का महाकाल लोक इसी सोच का महत्वपूर्ण उदाहरण बनकर सामने आया है। अब प्रदेश सरकार भी धार्मिक पर्यटन को अधोसंरचना विकास और आर्थिक गतिविधियों से जोड़कर आगे बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। उज्जैन का महत्व केवल एक धार्मिक नगर के रूप में नहीं, बल्कि भारतीय सनातन परंपरा, ज्योतिष, खगोल विज्ञान, साहित्य और सांस्कृतिक चेतना के प्राचीन केंद्र के रूप में भी रहा है। भगवान महाकालेश्वर की नगरी होने के साथ ही यहां अनेक ऐसे प्राचीन मंदिर और तीर्थस्थल हैं, जिनका अपना विशिष्ट धार्मिक एवं पौराणिक महत्व है। महाकाल लोक के निर्माण के बाद उज्जैन में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इसका सीधा प्रभाव शहर के व्यापार, होटल व्यवसाय, परिवहन, खानपान और रोजगार के अवसरों पर भी दिखाई दे रहा है। यह स्पष्ट करता है कि धार्मिक पर्यटन किसी शहर की अर्थव्यवस्था को गति देने का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकता है। इसी विकास यात्रा में अंगारेश्वर महादेव मंदिर के विकास के लिए भूमि पूजन और लगभग 1211.34 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की शुरुआत महत्वपूर्ण कदम है। अंगारेश्वर मंदिर उज्जैन की प्राचीन धार्मिक पहचान का एक विशिष्ट हिस्सा है। मंगल ग्रह की उत्पत्ति से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं के कारण इस मंदिर का विशेष महत्व है। यहां देशभर से श्रद्धालु पूजा-अर्चना और मंगल दोष की शांति के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर का व्यवस्थित विकास, श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं, पहुंच मार्ग, परिसर का सौंदर्यीकरण और आसपास की व्यवस्थाओं को मजबूत करना आवश्यक है। इससे महाकालेश्वर मंदिर के साथ उज्जैन के दूसरे प्रमुख धार्मिक स्थलों को भी पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान मिल सकेगा। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा टीयर वन और टीयर टू शहरों के साथ धार्मिक नगरों के विकास पर ध्यान देना इस बात का संकेत है कि अब विकास की अवधारणा केवल महानगरों तक सीमित नहीं रह गई है। उज्जैन जैसे शहरों में सड़क, पुल, यातायात, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग और अन्य नागरिक सुविधाओं का विस्तार समय की आवश्यकता है। धार्मिक आयोजनों के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए ऐसी व्यवस्थाएं विकसित करना जरूरी है, जो सामान्य दिनों में भी शहरवासियों के लिए उपयोगी साबित हों। विकास कार्यों की वास्तविक सफलता इसी में है कि उनका लाभ केवल किसी बड़े आयोजन तक सीमित न रहे, बल्कि शहर की स्थायी सुविधाओं में वृद्धि हो। वर्ष 2028 में आयोजित होने वाला सिंहस्थ इस पूरी विकास प्रक्रिया का सबसे बड़ा आधार और अवसर है। प्रत्येक 12 वर्ष में उज्जैन में होने वाला यह धार्मिक समागम देश-दुनिया के करोड़ों श्रद्धालुओं, साधु-संतों और पर्यटकों को आकर्षित करता है। वर्ष 2016 के सिंहस्थ के अनुभवों के आधार पर इस बार श्रद्धालुओं की संख्या में काफी वृद्धि की संभावना है। ऐसे में शहर की अधोसंरचना को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना अनिवार्य है। सिंहस्थ केवल घाटों पर स्नान, धार्मिक अनुष्ठानों और साधु-संतों के समागम का आयोजन नहीं है, बल्कि यह उज्जैन की सांस्कृतिक पहचान, प्रशासनिक क्षमता और आतिथ्य परंपरा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर भी है।

सरकार की मंशा इसे सनातन संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं के अनुरूप भव्य स्वरूप देने की है तो उसके लिए योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन भी उतना ही महत्वपूर्ण होगा। धार्मिक पर्यटन का विस्तार स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए भी बड़ी संभावनाएं लेकर आता है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या से होटल, धर्मशाला, परिवहन, स्थानीय बाजार, हस्तशिल्प, खानपान और छोटे व्यवसायों को लाभ मिलता है। इससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं और स्थानीय व्यापार को स्थायी आधार मिलता है। यदि उज्जैन के प्राचीन मंदिरों, ऐतिहासिक स्थलों, शिप्रा के घाटों, सांस्कृतिक विरासत और आसपास के पर्यटन स्थलों को एक समग्र योजना के तहत विकसित किया जाए तो यहां आने वाले पर्यटकों के प्रवास की अवधि भी बढ़ाई जा सकती है। इससे शहर की आर्थिक गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी। हालांकि विकास की इस दौड़ में उज्जैन की प्राचीनता, धार्मिक मर्यादा और प्राकृतिक स्वरूप का संरक्षण भी सर्वोच्च प्राथमिकता में रहना चाहिए। मंदिरों का विकास केवल भव्य निर्माण तक सीमित नहीं होना चाहिए। प्राचीन स्थापत्य, परंपरागत धार्मिक व्यवस्थाओं और ऐतिहासिक महत्व को सुरक्षित रखते हुए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। शिप्रा नदी की स्वच्छता, घाटों का संरक्षण, यातायात का सुव्यवस्थित संचालन, अतिक्रमण नियंत्रण और पर्यावरण संतुलन जैसे विषयों पर भी समान गंभीरता से काम करना होगा। विकास योजनाओं में स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और धार्मिक संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना भी आवश्यक है। वास्तव में उज्जैन के सामने यह समय अपनी प्राचीन धार्मिक पहचान को आधुनिक विकास के साथ जोड़ने का है। महाकाल लोक से शुरू हुई नई पहचान को अंगारेश्वर सहित अन्य प्राचीन तीर्थ स्थलों के विकास के माध्यम से और व्यापक बनाया जा सकता है। लगभग 1211.34 करोड़ रुपये के कार्यों की शुरुआत और सिंहस्थ 2028 की तैयारियां इस दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव हैं। जरूरत इस बात की है कि घोषणाएं और भूमिपूजन धरातल पर समयबद्ध परिणामों में बदलें। उज्जैन का विकास केवल सिंहस्थ की तैयारियों तक सीमित न रहे, बल्कि आने वाले दशकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर हो। यदि योजनाबद्ध तरीके से अधोसंरचना, धार्मिक विरासत, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था का समन्वय स्थापित किया गया तो उज्जैन न केवल देश के प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्रों में अपनी स्थिति और मजबूत करेगा, बल्कि सनातन संस्कृति की वैश्विक पहचान का भी एक सशक्त केंद्र बन सकेगा।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें