गेहूं की बुवाई के लिए कृषि वैज्ञानिकों की सलाह, समय पर करें किस्मों का चयन
11 नवंबर 2026, नई दिल्ली: गेहूं की बुवाई के लिए कृषि वैज्ञानिकों की सलाह, समय पर करें किस्मों का चयन – भारतीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान संस्थान, करनाल ने फसल वर्ष 2026-27 के लिए एक से 15 नवंबर तक की अवधि के लिए पहली प्रमुख कृषि सलाह जारी की है। संस्थान ने किसानों को सलाह दी है कि वे नवंबर के पहले पखवाड़े में अपने क्षेत्र के लिए निर्धारित बुवाई अवधि के अनुसार गेहूं और जौ की बुवाई करें। साथ ही बुवाई के समय, स्थानीय जलवायु परिस्थितियों और सिंचाई की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए उपयुक्त किस्मों का चयन करें। किसानों को प्रमाणित बीज ही विश्वसनीय स्रोतों से खरीदने की सलाह दी गई है, ताकि बीजों का अंकुरण एकसमान हो और उत्पादन बेहतर मिल सके।
कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार किसानों को अपने क्षेत्र और खेती की परिस्थितियों के अनुरूप ही गेहूं की किस्मों का चयन करना चाहिए। जिन खेतों में धान की कटाई कंबाइन मशीन से की गई है और फसल अवशेष खेत में समान रूप से फैले हुए हैं, वहां हैप्पी सीडर या स्मार्ट सीडर मशीन की सहायता से बिना खेत की जुताई किए सीधे बुवाई की जा सकती है। वैज्ञानिकों ने समय पर बुवाई करने पर विशेष जोर दिया है। देरी से बुवाई करने पर फसल पकने के समय तापमान बढ़ने से उत्पादन प्रभावित हो सकता है। किसानों को दूसरे कृषि क्षेत्र के लिए अनुशंसित किस्मों का उपयोग नहीं करने की सलाह भी दी गई है, क्योंकि इससे फसल में रोग लगने का खतरा बढ़ सकता है। इसके अलावा खाद, सिंचाई, खरपतवार नियंत्रण और फफूंदनाशक दवाओं का संतुलित उपयोग करने, समय पर आवश्यक सिंचाई करने तथा बुवाई से पहले मिट्टी की जांच कराने की बात कही गई है। खेतों में बचे फसल अवशेषों को जलाने के बजाय उनका उचित प्रबंधन करने की सलाह दी गई है, ताकि मिट्टी की उर्वरता बनी रहे और पर्यावरण प्रदूषण से बचाव हो सके।गेहूं की किस्मों के संबंध में संस्थान ने अलग-अलग कृषि क्षेत्रों के लिए सिफारिशें जारी की हैं। पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश वाले उत्तर-पश्चिमी मैदानी क्षेत्र में सिंचित परिस्थितियों में नवंबर के पहले सप्ताह तक अगेती बुवाई के लिए डीबीडब्ल्यू 187, डीबीडब्ल्यू 303, डब्ल्यूएच 1270, डीबीडब्ल्यू 327, डीबीडब्ल्यू 332, पीबीडब्ल्यू 872, डीबीडब्ल्यू 370, डीबीडब्ल्यू 371 और डीबीडब्ल्यू 372 किस्में उपयुक्त बताई गई हैं। वहीं 20 नवंबर तक समय पर बुवाई के लिए एचडी 3471, डीबीडब्ल्यू 187, डीबीडब्ल्यू 222, एचडी 3406, एचडी 3386, पीबीडब्ल्यू 826, एचडी 3226, एचडी 3086 और डब्ल्यूएच 1105 किस्मों की अनुशंसा की गई है।
मध्य क्षेत्र में शामिल मध्यप्रदेश, गुजरात तथा राजस्थान के उदयपुर और कोटा क्षेत्रों के लिए अगेती बुवाई में डीबीडब्ल्यू 187, डीबीडब्ल्यू 303, डीबीडब्ल्यू 327, डीबीडब्ल्यू 445, जेडब्ल्यू 1399, पीबीडब्ल्यू 906, एचडी 3463 और जीडब्ल्यू 543 किस्में सुझाई गई हैं। समय पर बुवाई के लिए डीबीडब्ल्यू 187, एचआई 1636, एचआई 1669, मैक्स 6768, जीडब्ल्यू 366, जीडब्ल्यू 555, मैक्स 6837, एचआई 1683, एचआई 8850 और मैक्स 4135 की सिफारिश की गई है।त्तर-पूर्वी मैदानी क्षेत्र के अंतर्गत पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और झारखंड के किसानों के लिए समय पर बुवाई हेतु डीबीडब्ल्यू 187, पीबीडब्ल्यू 826, एचडी 3411, डीबीडब्ल्यू 222, एचडी 3086, के 1006, पीबीडब्ल्यू 915 और डीबीडब्ल्यू 386 किस्में उपयुक्त बताई गई हैं। वहीं महाराष्ट्र और कर्नाटक सहित प्रायद्वीपीय क्षेत्र के लिए डीबीडब्ल्यू 168, मैक्स 6478, यूएएस 304, मैक्स 6222, पीबीडब्ल्यू 891, एचआई 8849, मैक्स 4135, एकेएडब्ल्यू 5100, डीबीडब्ल्यू 443, एनडब्ल्यूएस 2222 और डब्ल्यूएच 1306 किस्मों की अनुशंसा की गई है। बीज दर के संबंध में संस्थान ने बताया है कि सिंचित परिस्थितियों में समय पर बुवाई करने पर सभी क्षेत्रों में प्रति हेक्टेयर 100 किलोग्राम बीज पर्याप्त रहेगा। उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी मैदानी क्षेत्रों के लिए प्रति हेक्टेयर 150 किलोग्राम नाइट्रोजन, 60 किलोग्राम फॉस्फोरस और 40 किलोग्राम पोटाश देने की अनुशंसा की गई है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


