Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

राजस्थान के किसानों को दिवाली का तोहफा, फसल बीमा के 345 करोड़ रुपये के लंबित दावों का भुगतान

31 अक्टूबर 2026, जयपुर: राजस्थान के किसानों को दिवाली का तोहफा, फसल बीमा के 345 करोड़ रुपये के लंबित दावों का भुगतान – राजस्थान सरकार ने दीपावली के अवसर पर प्रदेश के किसानों को बड़ी राहत देते हुए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत लगभग 345 करोड़ रुपये के लंबित फसल बीमा दावों का भुगतान किया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में की गई इस पहल से प्राकृतिक आपदाओं, सूखे और प्रतिकूल मौसम के कारण फसल नुकसान झेलने वाले किसानों को आर्थिक संबल मिला है। कृषि विभाग के प्रयासों से जयपुर, बाड़मेर, बीकानेर, जोधपुर, पाली, सिरोही, चूरू, जालोर और डूंगरपुर जिलों के पात्र बीमित किसानों के लंबित दावों का भुगतान कराया गया है।

कृषि आयुक्त नरेश कुमार गोयल ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशन और कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के मार्गदर्शन में लंबित फसल बीमा दावों के निस्तारण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अलग-अलग जिलों के किसानों को बीमा राशि दिलाने में सफलता मिली है।

पश्चिमी राजस्थान के किसानों को मिले 318 करोड़ रुपये

रबी 2025-26 के दौरान सूखे से प्रभावित पश्चिमी राजस्थान के किसानों को राहत देने के लिए लगभग 318 करोड़ रुपये के फसल बीमा दावों का भुगतान कराया गया है। यह राशि अधिसूचित बीमा कंपनियों एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड और रिलायंस जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के माध्यम से किसानों तक पहुंचाई गई है। जिलेवार भुगतान की बात करें तो बाड़मेर के किसानों को 53.60 करोड़ रुपये, बीकानेर को 116 करोड़ रुपये, जोधपुर को 48 करोड़ रुपये, पाली को 31 करोड़ रुपये, चूरू को 25.85 करोड़ रुपये और जालोर के पात्र किसानों को 43.58 करोड़ रुपये दिए गए हैं। इससे सूखे के कारण फसल नुकसान का सामना करने वाले किसानों को आर्थिक राहत मिली है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

शिकायत निराकरण समिति के फैसले पर 17.60 करोड़ का भुगतान

कृषि आयुक्त ने बताया कि किसानों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए हाल ही में आयोजित राज्य स्तरीय शिकायत निराकरण समिति की बैठक में रिलायंस जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड की आपत्तियों को अस्वीकार किया गया था। समिति ने डूंगरपुर और जालोर जिलों के किसानों के लंबित 17.60 करोड़ रुपये के फसल बीमा दावों का भुगतान करने के निर्देश दिए थे।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

इसके बाद कृषि विभाग ने निर्णयों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए जालोर जिले के खरीफ 2024 के लंबित दावों के 10.64 करोड़ रुपये और डूंगरपुर जिले के खरीफ 2025 के दावों के 6.96 करोड़ रुपये संबंधित बीमा कंपनी के माध्यम से किसानों के बैंक खातों में जमा करवाए।

जयपुर के दूदू किसानों को 9.50 करोड़ रुपये की राहत

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत जयपुर जिले की दूदू तहसील के किसानों को भी राहत मिली है। खरीफ 2025 के दौरान दूदू तहसील की कुछ बीमा इकाइयों में निर्धारित संख्या में फसल कटाई प्रयोग नहीं हो पाने के कारण किसानों के बीमा दावों का भुगतान अटक गया था। राज्य सरकार के प्रयासों से उच्चतर औसत उपज के आधार पर पात्र बीमित किसानों के लंबित दावों के 9.50 करोड़ रुपये का भुगतान कराया गया है। यह राशि एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड के माध्यम से किसानों को दी गई है।

किसानों की आर्थिक सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता

कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों के हितों के संरक्षण और खेती को सुरक्षित एवं लाभकारी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्राकृतिक आपदाओं, सूखे और प्रतिकूल मौसम से फसल को नुकसान होने की स्थिति में किसानों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि दीपावली के अवसर पर लगभग 345 करोड़ रुपये के फसल बीमा दावों का भुगतान किसानों के परिश्रम के सम्मान और उनके परिवारों को आर्थिक संबल देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र किसान फसल बीमा योजना के लाभ से वंचित न रहे। इसके लिए कृषि विभाग बीमा कंपनियों के साथ नियमित समन्वय, लंबित मामलों की समीक्षा और किसानों की शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर ध्यान दे रहा है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture