राज्य कृषि समाचार (State News)

संतुलित आहार अत्यंत उत्तम आहार

10 जुलाई 2026, भोपाल: संतुलित आहार अत्यंत उत्तम आहार – भोजन करना प्रत्येक व्यक्ति के दैनिक जीवन का एक अनिवार्य क्रिया है। हमें सेहतमंद ढंग से जीने के लिये भी भोजन आवश्यक है। प्रत्येक कार्य को करने के लिये ऊर्जा की आवश्यकता होती है जो हमें भोजन से प्राप्त होती है। जन्म के समय हमारे शरीर का आकार छोटा होता है तथा प्रतिदिन कद, भार आदि में विकास होता है। यह शरीर का विकास भी भोजन द्वारा ही संभव है। शरीर की विभिन्न कोशिकाओं की वृद्धि व टूट-फूट की मरम्मत भी भोजन के द्वारा ही संभव है। शारीरिक क्रियाओं को नियंत्रित ढंग से चलाने तथा शरीर को संतुलित रखने के लिये भी भोजन आवश्यक है।

संतुलित आहार – संतुलित आहार वह आहार है, जिसमें सारे पोषक तत्व निश्चित मात्रा में उपस्थित हों, जिससे हमारे शरीर की सारी पोषण संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति हो सके, उसे संतुलित आहार कहते हैं।

संतुलित आहार का उद्देश्य – शरीर को शक्ति, शारीरिक वृद्धि, मानसिक वृद्धि, रोगरोधक क्षमता तथा शारीरिक संस्थान पर नियंत्रण रखना है। संतुलित आहार अत्यंत उत्तम आहार माना जाता है। अतः जन स्वास्थ्य की दृष्टि से इसके अंतर्गत उचित मात्रा में प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, वसा, खनिज-लवण, जल तथा विटामिन अनिवार्य हैं।

भोजन में पाए जाने वाले पोषक तत्व – पोषक तत्वों को मुख्यतः छह भागों में बाँटा गया है।

पोषक तत्वों के कार्य –

कार्बोहाइड्रेट – कार्बोज तथा शक्कर शरीर की ऊर्जा प्रदान करते हैं। इनका अनुचित उपयोग हानिकारक है।

वसा एवं तेल – वसा तथा तेल शरीर को ऊर्जा प्रदान करते हैं तथा शरीर में वसा को बढ़ाते हैं।

प्रोटीन – प्रोटीन शरीर के स्वास्थ्य के लिये अति आवश्यक है। शारीरिक वृद्धि तथा टूट-फूट की मरम्मत हेतु आवश्यक है।

विटामिन – यह शरीर को रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रदान करते हैं। यह हमारे भोजन में बहुत कम मात्रा में पाए जाते हैं।

खनिज लवण – शरीर का निर्माण करने तथा उसे सुचारु रूप से चलाने के लिए आवश्यक हैं।

जल – शारीरिक क्रियाओं के लिए माध्यम प्रदान करता है।

पोषक तत्वों की प्राप्ति के स्रोतऊर्जा युक्त खाद्य स्रोत – भोजन में उपस्थित वसा और कार्बोहाइड्रेट ऊर्जा के मुख्य स्रोत हैं। विभिन्न अनाज जैसे गेहूँ, चावल, मक्का, बाजरा, जौ तथा घी, तेल आदि। जड़ वाली सब्जियाँ जैसे आलू, शकरकंद, कच्चे फल, केला आदि। शर्करा जैसे गुड़, शक्कर, शहद, चीनी भी ऊर्जा के मुख्य स्रोत हैं।

प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थ – भोजन से हमें प्रोटीन प्राप्त होती है, जो हमारे शरीर की कोशिकाओं का विकास तथा टूट-फूट की मरम्मत करती है। यह हमें दालों, दूध, दही, पनीर, अंडा, मांस, सोयाबीन, सूखे मेवे, मूंगफली, सेम आदि से मिलती है।

विटामिन व खनिज लवण युक्त खाद्य पदार्थ – शरीर की वृद्धि और विकास के साथ-साथ रोगों से लड़ने की क्षमता विटामिन व खनिज तत्वों से मिलती है। विटामिन हमें दूध से बने पदार्थ, नींबू, संतरा, आम, हरी व पीली सब्जियाँ, गाजर, अंडा, मछली, गेहूँ, चावल, मक्का व खमीर आदि से मिलते हैं।

खनिज लवण हमें दूध, दही, पनीर, अंडा, हरी पत्तेदार सब्जियाँ, सोयाबीन, दालें, अनाज, सूखे मेवे आदि से मिलते हैं।

पोषक तत्वों की कमी से होने वाले रोग – पोषक तत्वों की कमी से अनेक प्रकार के रोग हो जाते हैं, जैसे – रतौंधी, क्वाशिओरकर, गलगंड, स्कर्वी, बेरी-बेरी, रक्त अल्पता आदि।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture