Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

छत्तीसगढ़ में प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान की खरीदी समर्थन मूल्य पर होगी

मुख्यमंत्री की किसानों के हित में बड़ी घोषणा, किसानों के चेहरे खिले, मुख्यमंत्री को दिया धन्यवाद

24 मार्च 2023, गरियाबंद । छत्तीसगढ़ में प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान की खरीदी समर्थन मूल्य पर होगी – मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने गुरूवार को विधानसभा में किसानों के हित में प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान की समर्थन मूल्य पर खरीदी करने की बड़ी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने गुरूवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा में विनियोग विधेयक पर चर्चा का जवाब देते हुए यह घोषणा की। इससे जिले के किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई है। किसानों ने कहा कि इस ऐतिहासिक निर्णय से अतिरिक्त उत्पादन को बेचने के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पडे़गा। विदित है कि विधानसभा में चर्चा के बाद विनियोग विधेयक 2023 पारित कर दिया गया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हमारे किसान भाई हैं। सम्पूर्ण विश्व आज खाद्य संकट की अग्रसर हो रहा है। इसका मुख्य कारण है कृषि का अलाभप्रद होना। हमारी सरकार बनते ही हमने किसानों की ऋण माफी की, राजीव गांधी किसान न्याय योजना से किसानों को सशक्त बना रहे हैं। उन्हें इनपुट सब्सिडी का लाभ भी दे रहे हैं। समर्थन मूल्य पर प्रति एकड़ धान की खरीदी 15 क्विंटल से बढ़ाकर अब 20 क्विंटल करने जा रहे हैं। 

मुख्यमंत्री की इस घोषणा से जिले के किसानों के चेहरे खिल गए है। किसानों ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा है कि इस ऐतिहासिक निर्णय से किसानों को ज्यादा मात्रा में धान बेचने का अवसर मिलेगा जिससे किसानों के आय में वृद्धि होगी। ग्राम टेका के किसान श्री भावसिंह साहू, ढालूराम, बलदाऊ साहू ने कहा कि उनके पास 6 एकड़ जमीन है जिसमें वे खेती करते है। पहले 90 क्विंटल धान बेचते थे लेकिन अब 120 क्विंटल धान बेचेंगे। इस एतिहासिक निर्णय से रेगहा खेती करने वाले किसान लाभान्वित होंगे। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल का यह फैसला किसानों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। किसानों में भारी उत्साह है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

महत्वपूर्ण खबर: देश का दूसरा मिलेट कैफे छत्तीसगढ़ के कोरबा में हुआ शुरू

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें