राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

प्राकृतिक खेती उत्पादों के लिए देशभर में बनेंगी 400 से ज्यादा लैब: गृह मंत्री अमित शाह 

26 दिसंबर 2025, नई दिल्ली: प्राकृतिक खेती उत्पादों के लिए देशभर में बनेंगी 400 से ज्यादा लैब: गृह मंत्री अमित शाह – केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा है कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से देशभर में 400 से अधिक आधुनिक प्रयोगशालाएं (लैब) स्थापित की जाएंगी। ये लैब किसानों को यह प्रमाणित करेंगी कि उनका खेत और उनकी उपज पूरी तरह प्राकृतिक है। इससे किसानों को अपने उत्पाद बेहतर दामों पर बेचने में मदद मिलेगी।

श्री शाह मध्य प्रदेश के रीवा में आयोजित कृषक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित कई जनप्रतिनिधि और किसान उपस्थित रहे।

प्राकृतिक खेती से किसान और उपभोक्ता दोनों को लाभ

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि प्राकृतिक खेती एक ऐसा परंपरागत तरीका है, जिसे हम समय के साथ भूलते चले गए। यह खेती गौ माता के गोबर और गौ मूत्र के उपयोग पर आधारित है, जिसमें रासायनिक खाद और कीटनाशकों की जरूरत नहीं पड़ती। उन्होंने बताया कि एक देसी गाय से 21 एकड़ तक की खेती प्राकृतिक रूप से की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से किसानों की आय बढ़ती है, पानी की बचत होती है और उपज शुद्ध होती है। साथ ही, ऐसे अनाज का सेवन करने से लोगों को कई बीमारियों से भी राहत मिलती है।

 40 लाख किसान अपना चुके हैं प्राकृतिक खेती

अमित शाह ने कहा कि देशभर में अब तक लगभग 40 लाख किसान प्राकृतिक खेती को अपना चुके हैं और इससे उनके उत्पादन में भी बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती किसानों को आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम है।

सर्टिफिकेशन से लेकर मार्केटिंग तक पूरी व्यवस्था

केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गठित सहकारिता मंत्रालय के माध्यम से दो बड़ी कोऑपरेटिव संस्थाएं प्राकृतिक खेती उत्पादों के सर्टिफिकेशन, वैज्ञानिक परीक्षण, पैकेजिंग, मार्केटिंग और निर्यात की व्यवस्था कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि विश्व की सबसे आधुनिक लैब में प्राकृतिक खेती की उपज की जांच की जाएगी, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारतीय किसानों के उत्पादों को पहचान मिलेगी। सर्टिफिकेशन मिलने के बाद किसानों की आय लगभग डेढ़ गुना तक बढ़ने की संभावना है।

प्राकृतिक उत्पादों की वैश्विक मांग

श्री शाह ने कहा कि पूरी दुनिया में ऑर्गेनिक और प्राकृतिक उत्पादों की मांग तेजी से बढ़ रही है। लोग यह मानते हैं कि ऑर्गेनिक भोजन से स्वास्थ्य बेहतर रहता है। ऐसे में भारत के किसानों के लिए वैश्विक बाजार में बड़ी संभावनाएं हैं, जिन्हें साकार करने के लिए सरकार पूरी व्यवस्था तैयार कर रही है।

पर्यावरण संरक्षण का आह्वान

उन्होंने सभी नागरिकों से प्रकृति की सेवा का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि हर व्यक्ति कम से कम पाँच पीपल के पेड़ लगाए, क्योंकि पीपल सबसे अधिक ऑक्सीजन देने वाला वृक्ष है।

 रीवा बन रहा है विकास का मॉड

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश का रीवा क्षेत्र तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। यहां एशिया का सबसे बड़ा सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित है और रीवा से प्रयागराज व जबलपुर तक बेहतरीन चार लेन सड़कों का निर्माण हुआ है।

अटल जयंती पर किया स्मरण

श्री अमित शाह ने कहा कि आज पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्म जयंती है और रीवा उनके प्रिय स्थानों में से एक रहा है। उन्होंने कहा कि अटल जी ने सार्वजनिक जीवन में शुचिता, पारदर्शिता और कथनी-करनी की एकता का आदर्श प्रस्तुत किया, जिसे देश हमेशा याद रखेगा।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements