Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

रायसेन में उन्नत कृषि महोत्सव का भव्य समापन, मंत्री नितिन गडकरी बोले- किसान बनेंगे ऊर्जा और ईंधन दाता  

14 अप्रैल 2026, नई दिल्ली: रायसेन में उन्नत कृषि महोत्सव का भव्य समापन, मंत्री नितिन गडकरी बोले- किसान बनेंगे ऊर्जा और ईंधन दाता – राष्ट्रीय स्तर के महत्वपूर्ण कृषि आयोजन उन्नत कृषि महोत्सव का समापन उत्साह, नवाचार और हजारों किसानों की गरिमामयी उपस्थिति के बीच भव्य रूप से संपन्न हुआ। चार दिवसीय इस महोत्सव ने किसानों के लिए एक ज्ञान मंच का कार्य किया, जहां आधुनिक तकनीक, उन्नत खेती, मशीनरी, प्रोसेसिंग और बाजार से जुड़ी जानकारी का समागम देखने को मिला। समापन सत्र में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों को भविष्य की खेती का स्पष्ट विजन दिया।

समापन सत्र को संबोधित करते हुए नितिन गडकरी ने कहा कि वे यहां मंत्री के रूप में नहीं, बल्कि एक किसान के रूप में आए हैं। उन्होंने कहा कि खेती का भविष्य अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन, सैटेलाइट आधारित जानकारी और आधुनिक तकनीकों से जुड़ चुका है, इसलिए किसानों को समय के साथ बदलाव अपनाना होगा। उन्होंने “ज्ञान को संपत्ति में बदलने” पर जोर देते हुए कहा कि यही आज कृषि क्षेत्र की सबसे बड़ी जरूरत है।

गडकरी ने किसानों के भविष्य की नई तस्वीर पेश करते हुए कहा कि आने वाले समय में किसान केवल अन्नदाता नहीं रहेगा, बल्कि ऊर्जा दाता, ईंधन दाता, हाइड्रोजन दाता और बायोफ्यूल उत्पादक भी बनेगा। उन्होंने बताया कि कृषि अवशेष, पराली, बायोमास, इथेनॉल और सीएनजी के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने के नए अवसर पैदा होंगे, जिससे गांवों की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और देश की आयात निर्भरता कम होगी।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

जल संरक्षण और वैल्यू एडिशन पर विशेष जोर

नितिन गडकरी ने जल संरक्षण को खेती की मजबूती का आधार बताते हुए “गांव का पानी गांव में, खेत का पानी खेत में” का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पानी को उसी तरह संचित करना होगा जैसे बैंक में धन जमा किया जाता है। इसके साथ ही उन्होंने डेयरी, मत्स्य पालन और ब्लू इकोनॉमी को किसानों की आय बढ़ाने के प्रमुख साधन बताते हुए प्रोसेसिंग प्लांट, कोल्ड स्टोरेज और वैल्यू एडिशन की मजबूत व्यवस्था विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

“बीज से बाजार तक” तैयार होगा मजबूत रोडमैप

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह महोत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि नई शुरुआत है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की मिट्टी, जलवायु और संसाधनों के आधार पर “बीज से बाजार तक” का विस्तृत रोडमैप तैयार किया गया है, जिससे किसानों को उत्पादन से लेकर विपणन तक बेहतर सुविधा मिलेगी।

हॉर्टिकल्चर हब और बीज ग्राम पर फोकस

शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की कि हर ब्लॉक में बीज ग्राम स्थापित किए जाएंगे, दलहन और बागवानी क्षेत्र का विस्तार किया जाएगा और क्षेत्र को हॉर्टिकल्चर हब के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई को बढ़ावा देने, कस्टम हायरिंग सेंटर और मशीन बैंक स्थापित करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।

टास्क फोर्स करेगी रोडमैप की मॉनिटरिंग

उन्होंने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए टास्क फोर्स और राष्ट्रीय स्तर की संचालन समिति गठित की जाएगी, जो पूरे रोडमैप की निगरानी करेगी। उन्होंने किसानों से फार्मर आईडी बनवाने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार खेती को लाभ का व्यवसाय बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

क्षेत्रीय विकास को मिली नई गति

कार्यक्रम के दौरान शिवराज सिंह चौहान द्वारा रखी गई मांगों पर नितिन गडकरी ने सकारात्मक सहमति जताते हुए रायसेन रिंग रोड/पूर्वी बायपास परियोजना को आगे बढ़ाने और डीपीआर तैयार कराने की बात कही। साथ ही अन्य सड़क परियोजनाओं पर भी सहयोग का आश्वासन दिया।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture