राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

राजधानी दिल्ली में एकजुट हुए किसान, पीएम मोदी के किसान हितैषी निर्णय का किया अभिनंदन

13 अगस्त 2025, नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में एकजुट हुए किसान, पीएम मोदी के किसान हितैषी निर्णय का किया अभिनंदन – राजधानी दिल्ली के पूसा कैंपस स्थित सुब्रहमण्यम हॉल में बड़ी संख्या में देशभर से किसान संगठनों के प्रमुख और किसान एकत्रित हुए। उन्होंने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी सरकार के मजबूत फैसलों का स्वागत किया और आभार व्यक्त किया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि  राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, कृषि सचिव देवेश चतुर्वेदी, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक डॉ. एम. एल. जाट समेत विभिन्न राज्यों के किसान नेताओं ने भी भाग लिया।

देशभर के किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने एक साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने सरकार द्वारा लिए गए किसान हितैषी और ऐतिहासिक फैसलों के लिए आभार जताया। भारतीय किसान संघ के कई प्रमुख नेता जैसे हरपाल सिंह डागर,  धर्मेंद्र मलिक, किरपा सिंह नत्थूवाला सहित अनेक किसानों ने बारी-बारी से प्रधानमंत्री के निर्णय की सराहना की और कहा कि ये फैसले किसानों और ग्रामीण भारत की आत्मनिर्भरता को मजबूत करेंगे।

किसानों ने प्रधानमंत्री मोदी के फैसले पर जताया आभार

भारतीय किसान चौधरी चरण सिंह संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों, पशुपालकों और मछुआरों के हित में अटल संकल्प के साथ मजबूत बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत कभी भी किसानों और ग्रामीण भारत के हितों के साथ समझौता नहीं करेगा। यह घोषणा करोड़ों अन्नदाताओं के लिए राहत और कृषि क्षेत्र की आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम है।

छत्तीसगढ़ युवा प्रगतिशील किसान संघ के विरेन्द्र लोहान ने भी मोदी सरकार के उस साहसिक निर्णय की प्रशंसा की, जिसमें अमेरिकी कंपनियों को कृषि और डेयरी क्षेत्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह निर्णय हर खेत, गांव और गौशाला में गूंज रहा है और भारत के किसानों को विदेशी दबाव से बचाने वाला है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की नकली खाद, बीज और कीटनाशक के खिलाफ की गई कार्रवाई के लिए भी धन्यवाद दिया।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का किसान सम्मान

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस अवसर पर कहा कि यहां एक लघु भारत का दृश्य देखने को मिल रहा है, जहां मेहनती किसान देश को खिलाने का सामर्थ्य रखते हैं। उन्होंने कहा, “अन्न हमारा जीवन है, अन्न ही ब्रह्म है। किसान अन्नदाता और जीवनदाता दोनों हैं। किसानों की सेवा करना भगवान की पूजा के समान है।”

मंत्री ने दोहराया कि नकली खाद और उर्वरक बनाने वालों के खिलाफ जल्द ही सख्त कानून लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों के कल्याण के लिए कई योजनाओं को प्राथमिकता से आगे बढ़ाया जा रहा है। हाल ही में राजस्थान के झुंझुनूं से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत डिजिटल भुगतान भी किया गया है।

किसान संगठनों का संयुक्त संदेश

किसान नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्णयों को ऐतिहासिक और दूरदर्शी बताया। उन्होंने कहा कि ये कदम किसानों की आत्मनिर्भरता और देश की कृषि संपन्नता के लिए प्रेरणा स्रोत बनेंगे। पंजाब से आए किसानकुलदीप सिंह बाजिदपुर ने कहा कि सरकार द्वारा उठाए गए कदमों से किसान भाइयों-बहनों की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव आया है और वे आगे भी ऐसे मजबूत फैसलों की उम्मीद करते हैं।

किसानों ने एकजुट होकर यह भी स्पष्ट किया कि वे अपने हितों की रक्षा के लिए सरकार के साथ हमेशा खड़े रहेंगे और विदेशी दबाव को कभी स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के किसान हितैषी और राष्ट्र हितैषी संकल्पों को दिल से समर्थन दिया।

Advertisements
Advertisement
Advertisement

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्रामव्हाट्सएप्प)

(कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें)

कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें:

www.krishakjagat.org/kj_epaper/

Advertisement
Advertisement

कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें:

www.global-agriculture.com

Advertisements
Advertisement
Advertisement