Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

कृषि क्षेत्र में 10 वर्षों में सबसे बड़ी छलांग: कुल खाद्यान्न उत्पादन 357.73 मिलियन टन के पार, चावल और गेहूँ में रिकॉर्ड वृद्धि

21 नवंबर 2025, नई दिल्ली: कृषि क्षेत्र में 10 वर्षों में सबसे बड़ी छलांग: कुल खाद्यान्न उत्पादन 357.73 मिलियन टन के पार, चावल और गेहूँ में रिकॉर्ड वृद्धि – केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने वर्ष 2024-25 के फसल उत्पादन के अंतिम अनुमान गुरुवार को नई दिल्ली में जारी किए। उन्होंने देश के किसान को रिकॉर्ड स्तर पर खाद्यान्न उत्पादन के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही, दलहन और तिलहन की फसलों में आशाजनक वृद्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि पिछले 10 वर्षों में खाद्यान्न उत्पादन में अब तक की सबसे बड़ी वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2015-16 में उत्पादन 251.54 मिलियन टन था, जो अब 106 मिलियन टन बढ़कर 357.73 मिलियन टन हो गया है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कृषि क्षेत्र में हुई तीव्र प्रगति का प्रमाण है।

चावल और गेहूँ में रिकॉर्ड वृद्धि

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि चावल का उत्पादन रिकॉर्ड स्तर पर बढ़कर 1501.84 लाख टन हो गया है, जो पिछले वर्ष के 1378.25 लाख टन से 123.59 लाख टन अधिक है। इसी प्रकार, गेहूँ का उत्पादन भी बढ़कर 1179.45 लाख टन हो गया है, जो पिछले वर्ष के 1132.92 लाख टन से 46.53 लाख टन अधिक है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

मूंग का उत्पादन 42.44 लाख टन, सोयाबीन 152.68 लाख टन और मूंगफली 119.42 लाख टन की रिकॉर्ड वृद्धि के साथ हुई है। मक्का और श्री अन्न का उत्पादन क्रमशः 434.09 लाख टन और 185.92 लाख टन अनुमानित है, जबकि पिछले वर्ष ये आंकड़े क्रमशः 376.65 लाख टन और 175.72 लाख टन थे।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

दलहन और तिलहन में आशाजनक वृद्धि

केंद्रीय मंत्री ने दलहन-तिलहन की फसलों में भी उल्लेखनीय वृद्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। वर्ष 2024-25 में कुल तिलहन का उत्पादन रिकॉर्ड 429.89 लाख टन अनुमानित है, जो पिछले वर्ष के 396.69 लाख टन से 33.20 लाख टन अधिक है।

तिलहन उत्पादन में वृद्धि मुख्य रूप से मूंगफली (119.42 लाख टन) और सोयाबीन (152.68 लाख टन) के उत्पादन में हुई बढ़ोतरी के कारण है। इसके अलावा, रेपसीड और सरसों का उत्पादन 126.67 लाख टन अनुमानित है।

फसलवार उत्पादन विवरण

केंद्रीय मंत्री ने फसलवार विवरण भी प्रस्तुत किया:
कुल खाद्यान्न – 3577.32 लाख टन (रिकॉर्ड)
चावल – 1501.84 लाख टन (रिकॉर्ड)
गेहूँ – 1179.45 लाख टन (रिकॉर्ड)
पोषक/मोटे अनाज – 639.21 लाख टन
मक्‍का – 434.09 लाख टन
कुल दलहन – 256.83 लाख टन
श्री अन्न – 185.92 लाख टन
चना – 111.14 लाख टन
मूंग – 42.44 लाख टन
तूर – 36.24 लाख टन
कुल तिलहन – 429.89 लाख टन
सोयाबीन – 152.68 लाख टन (रिकॉर्ड)
मूंगफली – 119.42 लाख टन (रिकॉर्ड)
रेपसीड एवं सरसों – 126.67 लाख टन
गन्ना – 4546.11 लाख टन
कपास – 297.24 लाख गांठें (प्रति 170 कि. ग्रा.)
पटसन एवं मेस्ता – 88.02 लाख गांठें (प्रति 180 कि. ग्रा.)

भावी रणनीति और योजनाएँ

केंद्रीय मंत्री ने अंतिम अनुमान जारी करने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भविष्य की रणनीतियों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में शुरू किए गए ‘दलहन आत्मनिर्भरता मिशन’ से दालों के उत्पादन में और वृद्धि होगी। इसके अलावा, सरकार की विभिन्न कृषि कल्याणकारी योजनाओं से खाद्यान्न उत्पादन में निरंतर वृद्धि की उम्मीद है।

एमएसपी और किसान कल्याण

केंद्रीय मंत्री ने तूर, उड़द, चना और मूंग की एमएसपी खरीद की गारंटी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस कदम से बड़ी संख्या में किसान लाभान्वित हो रहे हैं। कृषि और किसान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सरकार लगातार कारगर प्रयास करती रहेगी ताकि उत्पादन और किसानों की आय दोनों में सुधार हो।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture