Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

विदिशा में कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने किया KVK कृषि विज्ञान केंद्र का भूमिपूजन, बोले- किसान की आमदनी बढ़ाना ही लक्ष्य

15 जून 2026, नई दिल्ली:  विदिशा में कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने किया KVK कृषि विज्ञान केंद्र का भूमिपूजन, बोले- किसान की आमदनी बढ़ाना ही लक्ष्य –  केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को विदिशा जिले के बेरखेड़ी जट्टू में मॉडल कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने किसानों से सीधे संवाद करते हुए कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य किसानों की आमदनी बढ़ाना और खेती को अधिक लाभकारी बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि किसानों की “पाठशाला” है, जहां उन्हें आधुनिक और वैज्ञानिक खेती के गुर सिखाए जाएंगे।

49 एकड़ में बनेगा देश का मॉडल कृषि विज्ञान केंद्र

शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि बेरखेड़ी जट्टू में 49 एकड़ भूमि पर विकसित होने वाला यह कृषि विज्ञान केंद्र देश के मॉडल KVK के रूप में स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण पूरा होने का इंतजार नहीं किया जाएगा, बल्कि इसी खरीफ सीजन से प्रदर्शन प्लॉटों पर आधुनिक खेती के प्रयोग शुरू कर दिए जाएंगे, ताकि किसान नई तकनीकों को देखकर और समझकर अपनाएं।

उन्होंने कहा कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के 113 संस्थानों और 1700 से अधिक कृषि विज्ञान केंद्रों के शोध एवं तकनीक का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचाया जाएगा।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

ढाई एकड़ में भी संभव है सम्मानजनक आमदनी

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लगातार भूमि विभाजन के कारण किसानों के पास जोत का आकार छोटा होता जा रहा है, लेकिन वैज्ञानिक तरीके से इंटीग्रेटेड फार्मिंग अपनाकर ढाई एकड़ भूमि में भी परिवार की सम्मानजनक आजीविका सुनिश्चित की जा सकती है। इसके लिए विदिशा, रायसेन, सीहोर और देवास जिलों की मिट्टी, जल संसाधन और कृषि परिस्थितियों के आधार पर विशेष फसल प्रणाली तैयार की गई है।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

उन्होंने बताया कि मॉडल फार्म के माध्यम से किसानों को अनाज, दलहन, तिलहन, बागवानी, पशुपालन, मत्स्य पालन, मधुमक्खी पालन और मशरूम उत्पादन को एक साथ जोड़कर आय बढ़ाने के तरीके सिखाए जाएंगे।

‘खेत बचाओ अभियान’ को जनआंदोलन बनाने का आह्वान

शिवराज सिंह चौहान ने किसानों से मिट्टी की सेहत बचाने की अपील करते हुए कहा कि बिना परीक्षण के अत्यधिक रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों का उपयोग भूमि की उर्वरता को नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने बताया कि ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत मिट्टी परीक्षण और सॉइल हेल्थ कार्ड कार्यक्रम को और तेज किया जाएगा।

उन्होंने किसानों से संतुलित उर्वरक उपयोग, जैविक एवं प्राकृतिक खेती को अपनाने और कम से कम आधा एकड़ क्षेत्र में प्राकृतिक खेती का प्रयोग करने का आग्रह किया।

किसानों को मिलेगा ‘फसल अस्पताल’ और डिजिटल सलाह

केंद्रीय मंत्री ने घोषणा की कि मॉडल कृषि विज्ञान केंद्र में एग्री क्लीनिक यानी फसल अस्पताल स्थापित किया जाएगा। यहां किसान पौधों, पत्तियों या मिट्टी के नमूने लेकर आ सकेंगे और वैज्ञानिकों से तत्काल सलाह प्राप्त कर सकेंगे।

इसके साथ ही किसानों को हेल्पलाइन और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी फसल संबंधी समस्याओं का समाधान उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि एक मोबाइल ऐप के जरिए किसानों को मिट्टी की स्थिति और उर्वरकों की आवश्यक मात्रा की जानकारी भी मिल सकेगी।

नकली खाद-बीज बेचने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि नकली खाद, बीज और कीटनाशकों की बिक्री किसानों के साथ बड़ा धोखा है। उन्होंने किसानों से खरीद के समय पक्का बिल लेने और उत्पादों की प्रामाणिकता की जांच करने की अपील की। साथ ही आश्वासन दिया कि किसानों के साथ धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मशीन बैंक और आधुनिक तकनीक का मिलेगा लाभ

उन्होंने बताया कि छोटे और सीमांत किसानों के लिए कृषि विज्ञान केंद्र में मशीन बैंक और कस्टम हायरिंग सेंटर विकसित किए जाएंगे। यहां लेजर लेवलर, डायरेक्ट सीडेड राइस (DSR) मशीन, ड्रिप और स्प्रिंकलर जैसी आधुनिक कृषि मशीनें किराए पर उपलब्ध कराई जाएंगी।

किसानों को कम पानी में अधिक उत्पादन देने वाली तकनीकों का प्रशिक्षण और प्रदर्शन भी कराया जाएगा।

दाल मिल लगाने पर मिलेगी 25 लाख रुपये तक की सब्सिडी

केंद्रीय मंत्री ने दलहन और तिलहन उत्पादन बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सरकार दलहन आत्मनिर्भरता मिशन को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने घोषणा की कि जिन क्षेत्रों में दलहन उत्पादन अधिक होगा, वहां दाल मिल स्थापित करने के लिए 25 लाख रुपये तक की सब्सिडी उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसान द्वारा उत्पादित तुअर, उड़द और मसूर जैसी दलहनों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर सुनिश्चित की जाएगी।

किसानों को दिलाया संकल्प

कार्यक्रम के अंत में शिवराज सिंह चौहान ने किसानों से हाथ उठवाकर धरती माता की उर्वरता बचाने, संतुलित उर्वरकों का उपयोग करने और आने वाली पीढ़ियों के लिए कृषि भूमि को सुरक्षित रखने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने, खेती को लाभकारी बनाने और वैज्ञानिक तकनीकों को खेत-खेत तक पहुंचाने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है।

इस अवसर पर मध्य प्रदेश के कृषि मंत्री एंदल सिंह कंसाना, राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, पूर्व मंत्री सूर्य प्रकाश मीणा, विधायक मुकेश टंडन, हरिसिंह रघुवंशी, हरी सप्रे, उमाकांत शर्मा, रमाकांत भार्गव, सुरेंद्र पटवा, आशीष शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वैज्ञानिक और कृषि विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture