गुजरात में सतत गन्ना खेती को बढ़ावा देंगे इंडियन पोटाश और जैन इरिगेशन, एमओयू पर हस्ताक्षर
11 जुलाई 2026, नई दिल्ली: गुजरात में सतत गन्ना खेती को बढ़ावा देंगे इंडियन पोटाश और जैन इरिगेशन, एमओयू पर हस्ताक्षर – इंडियन पोटाश लिमिटेड (आईपीएल) और जैन इरिगेशन सिस्टम्स लिमिटेड (जेआईएसएल) ने गुजरात में वैज्ञानिक एवं सतत गन्ना खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता 8 जुलाई को नई दिल्ली स्थित आईपीएल के कॉर्पोरेट कार्यालय में संपन्न हुआ।
समझौते के तहत दोनों संस्थाएं गुजरात में ड्रिप सिंचाई प्रणालियों के सर्वेक्षण, डिजाइन, आपूर्ति एवं स्थापना के साथ-साथ किसानों के प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण तथा खेतों में प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित करेंगी। इसका उद्देश्य किसानों को आधुनिक सिंचाई तकनीकों और बेहतर कृषि प्रबंधन पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।
एमओयू के अनुसार आईपीएल और जेआईएसएल संयुक्त रूप से गन्ना खेती में जल एवं उर्वरक के दक्ष उपयोग (फर्टिगेशन) को बढ़ावा देंगे। साथ ही आधुनिक सिंचाई तकनीकों, सटीक कृषि इनपुट प्रबंधन तथा उन्नत कृषि पद्धतियों का प्रदर्शन किया जाएगा। किसानों के लिए जागरूकता कार्यक्रम, कार्यशालाएं और खेत स्तरीय प्रदर्शन भी आयोजित किए जाएंगे।
दोनों कंपनियां माइक्रो इरिगेशन सिस्टम अपनाने के इच्छुक पात्र किसानों को उपलब्ध ऋण एवं सरकारी अनुदान योजनाओं का लाभ दिलाने में भी सहयोग करेंगी। इस पहल का उद्देश्य गन्ना उत्पादन बढ़ाने, जल उपयोग दक्षता में सुधार तथा किसानों की आय में वृद्धि करना है।
जेआईएसएल के स्टेट हेड (गुजरात) श्री गिरधर लोह ने कहा, “यह साझेदारी गन्ना खेती में ड्रिप सिंचाई को तेजी से अपनाने में मदद करेगी। इससे जल उपयोग दक्षता बढ़ेगी, फसल उत्पादकता में सुधार होगा, खेती की लागत कम होगी, किसानों की आय बढ़ेगी तथा देश के चीनी एवं जैव ईंधन क्षेत्र के सतत विकास को बल मिलेगा।”
गन्ना देश की सर्वाधिक जल-आवश्यकता वाली फसलों में से एक है। ऐसे में ड्रिप सिंचाई एवं फर्टिगेशन तकनीकों का उपयोग जल संरक्षण के साथ-साथ पोषक तत्वों के अधिक कुशल प्रबंधन और बेहतर उत्पादन में सहायक माना जाता है। यह पहल विशेष रूप से गुजरात के गन्ना उत्पादक किसानों के लिए आधुनिक सिंचाई तकनीकों को अपनाने का अवसर प्रदान करेगी।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

