जैन हिल्स में फाली-12 वार्षिक अधिवेशन 1 से 8 जून तक
सबोर्नी पोद्दार नई सीईओ घोषित
30 मई 2026, जलगांव: जैन हिल्स में फाली-12 वार्षिक अधिवेशन 1 से 8 जून तक – ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों में आधुनिक कृषि, कृषि उद्यमिता तथा नेतृत्व कौशल विकसित करने के उद्देश्य से कार्यरत फ्यूचर एग्रीकल्चर लीडर्स ऑफ इंडिया (FALI) के 12वें वार्षिक अधिवेशन में संस्था की नई मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के रूप में सबोर्नी पोद्दार की नियुक्ति की घोषणा की गई है। इस वर्ष का अधिवेशन तीन चरणों में जैन हिल्स में 1 से 8 जून 2026 के दौरान आयोजित किया जाएगा।

जैन इरिगेशन के सहयोग से आयोजित इस अधिवेशन में लगभग 1,500 विद्यार्थी, 90 कृषि शिक्षक, 18 पूर्व छात्र तथा फाली को सहयोग देने वाली 10 कंपनियों के 70 से अधिक वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे। सहभागी विद्यार्थी फाली-12 के अंतर्गत 210 विद्यालयों में आयोजित बिजनेस मॉडल और कृषि तकनीक नवाचार प्रतियोगिताओं के विजेता हैं।
फाली कक्षा 8वीं और 9वीं के ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए संचालित एक अनूठा कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य आधुनिक एवं टिकाऊ कृषि के लिए आवश्यक तकनीकी, व्यावसायिक और नेतृत्व कौशल विकसित करना है। कक्षा आधारित संवादात्मक सत्रों, आधुनिक कृषि परियोजनाओं के अध्ययन दौरों, उद्योग विशेषज्ञों के साथ संवाद तथा कृषि व्यवसाय की व्यावहारिक जानकारी के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया जाता है।
कृषि उद्यमिता को बढ़ावा देने हेतु फाली का विस्तार – फाली-12 कार्यक्रम को जैन इरिगेशन, गोदरेज एग्रोवेट, यूपीएल, आईटीसी, स्टार एग्री, प्रॉम्प्ट डेयरीटेक, एसबीआई फाउंडेशन, टाटा रैलिस तथा ओमनीवोर जैसी अग्रणी कृषि एवं वित्तीय संस्थाओं का सक्रिय सहयोग प्राप्त है।संस्था की आगामी योजनाओं में प्रतिवर्ष 25 प्रतिशत वृद्धि के लक्ष्य के साथ महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश तथा तीन अन्य राज्यों में विस्तार करना, पूर्व विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप, सीड फंडिंग और मेंटरशिप कार्यक्रमों को बढ़ाना तथा शहरी युवाओं के लिए ‘FALI e+’ पहल का विस्तार कर कृषि उद्यमिता को प्रोत्साहन देना शामिल है।
फाली की सीईओ बनीं सबोर्नी पोद्दार – संस्था की स्थापना वर्ष 2014 से सीईओ का दायित्व संभाल रहे श्री हर्ष नौटियाल 1 जून से कृषि उद्यमिता के नए अवसरों की दिशा में कार्य करने के लिए पद छोड़ेंगे। उनके नेतृत्व में फाली ने महाराष्ट्र सहित तीन राज्यों में ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए प्रभावी एवं परिवर्तनकारी कार्यक्रम विकसित किया। साथ ही देश की अग्रणी कृषि कंपनियों के साथ वित्तीय एवं तकनीकी साझेदारियां स्थापित करने में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नई सीईओ सबोर्नी पोद्दार को कृषि, ग्रामीण विकास और सामाजिक क्षेत्र में दस वर्षों से अधिक का अनुभव है। इससे पूर्व उन्होंने भारत के अग्रणी एग्रीटेक इम्पैक्ट फंड ओम्निवोर में मार्केटिंग एवं तकनीकी सेवाओं का नेतृत्व किया है। इसके अलावा उन्होंने माइक्रोसेव कंसल्टिंग में खाद्य, शिक्षा, ग्रामीण वित्त एवं विकास से जुड़े विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य किया है। उन्होंने इंस्टीट्यूट ऑफ रूरल मैनेजमेंट आनंद (IRMA) से एमबीए तथा पत्रकारिता में स्नातक एवं स्नातकोत्तर शिक्षा प्राप्त की है।
फाली भारतीय कृषि का भविष्य : गणमान्य व्यक्तियों की राय – फाली एसोसिएशन के अध्यक्ष तथा जैन इरिगेशन के उपाध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनिल जैन ने फाली की सफल यात्रा पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि सबोर्नी पोद्दार के नेतृत्व में संस्था और पूर्व छात्र कार्यक्रमों का विस्तार और अधिक प्रभावी होगा। उन्होंने कहा कि जलवायु-स्मार्ट कृषि, आधुनिक तकनीक और मूल्य श्रृंखला की दक्षता में वृद्धि ही भारतीय कृषि का भविष्य है। वहीं नादिर गोदरेज ने कहा कि फाली के पूर्व छात्र कार्यक्रम के विस्तार की व्यापक संभावनाएं हैं। राज्जू श्रॉफ ने कहा कि फाली के माध्यम से युवाओं में तकनीकी, व्यावसायिक और नेतृत्व कौशल का विकास हो रहा है, जिससे वे भारतीय कृषि की उत्पादकता बढ़ाने और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का सामना करने में सक्षम बनेंगे। फाली की उपाध्यक्ष तथा एनबीए एंटरप्राइज सॉल्यूशंस टू पॉवर्टी की अध्यक्ष नैंसी बैरी ने विश्वास व्यक्त किया कि सबोर्नी पोद्दार के नेतृत्व में फाली कृषि एवं कृषि उद्यमिता की प्रेरणा को नई पीढ़ी तक और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाएगी।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

