उद्यानिकी (Horticulture)राज्य कृषि समाचार (State News)

उद्यानिकी फसलों के निर्यात को बढ़ावा देने खरगोन में कार्यशाला आयोजित

27 जुलाई 2026, (दिलीप दसौंधी, कृषक जगत, मंडलेश्वर)उद्यानिकी फसलों के निर्यात को बढ़ावा देने खरगोन में कार्यशाला आयोजित – उद्यानिकी विभाग के सहयोग से वर्ल्ड वेजिटेबल सेंटर, हैदराबाद द्वारा  “मध्य प्रदेश में निर्यात गुणवत्ता वाली सब्जियों के उत्पादन के लिए विशिष्ट सब्जी क्लस्टर विकास परियोजना” के अंतर्गत  एक दिवसीय कार्यशाला गत दिनों आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य किसानों को निर्यात गुणवत्ता वाली उद्यानिकी फसलों के उत्पादन, प्रसंस्करण एवं विपणन की आधुनिक तकनीकों से अवगत कराना था।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए डिप्टी कलेक्टर श्री वीरेंद्र कटारे ने कहा कि किसानों को अधिक आय अर्जित करने के लिए परंपरागत खेती के साथ-साथ उद्यानिकी फसलों को अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि उद्यानिकी फसलों के निर्यात की व्यापक संभावनाएं हैं, लेकिन इसके लिए गुणवत्ता, पैकेजिंग, सोर्टिंग एवं ग्रेडिंग पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि खरगोन जिले के किसान उन्नत सोच के साथ नई तकनीकों को अपनाकर निर्यात के क्षेत्र में नई पहचान बना सकते हैं।

परियोजना प्रभारी डॉ. रविशंकर ने हरी एवं लाल मिर्च के निर्यात मानकों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यदि किसान निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन करें तो खरगोन की मिर्च को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने किसानों से कार्यशाला में साझा की गई तकनीकों को व्यवहार में अपनाने का आग्रह किया।

उप संचालक उद्यानिकी श्री के.के. गिरवाल ने बताया कि कार्यशाला में किसानों को निर्यात उन्मुख सब्जी उत्पादन, गुणवत्ता प्रबंधन तथा बाजार की आवश्यकताओं की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के माध्यम से जिले में निर्यात गुणवत्ता वाली सब्जियों के उत्पादन को बढ़ावा दिया जाएगा।

कार्यशाला में प्याज एवं लहसुन निदेशालय, पुणे तथा राष्ट्रीय अंगूर अनुसंधान केंद्र, पुणे के विशेषज्ञों ने भी अपने अनुभव साझा किए। उद्यानिकी विभाग भोपाल के उप संचालक श्री डी.एन. धोटे ने परियोजना के उद्देश्यों एवं इसके लाभों पर प्रकाश डाला। वहीं एपीडा भोपाल के श्री निशांत बनसोड ने निर्यात गुणवत्ता मानकों, भारत सरकार एवं राज्य शासन की विभिन्न अनुदान योजनाओं की जानकारी दी।

कृषि विज्ञान केंद्र खरगोन की डॉ. अनीता शुक्ला ने मिर्च के मूल्य संवर्धन तथा डॉ. आर.के. सिंह ने सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण मिर्च उत्पादन की वैज्ञानिक तकनीकों पर किसानों का मार्गदर्शन किया। कार्यशाला में जिले किसान एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture