Ad DesktopAd TabletAd Mobile
किसानों की सफलता की कहानी (Farmer Success Story)

परमेश्वर ने एक साल में कमाए 8 लाख रुपए

16 अगस्त 2021, रायपुर । परमेश्वर ने एक साल में कमाए 8 लाख रुपए – परम्परागत ज्ञान के साथ आधुनिक तकनीक के विवेकपूर्ण प्रयोग से प्रगति के नये सोपान तय किये जा सकते हैं। यह साबित किया है जंगल और पहाड़ों के बीच बसे उत्तर बस्तर कांकेर के चारामा विकासखण्ड के छोटे से गांव सराधु-नवागांव के किसान श्री परमेश्वर रजक ने। सब्जी की खेती से उन्हें एक वर्ष में आठ लाख रूपये की आमदनी प्राप्त हुई है। श्री रजक परम्परागत सब्जी की खेती को आधुनिक पद्धति से कर लखपति बनने के साथ दूसरे किसानों के लिए प्ररेणा स्त्रोत भी बन गये है। उन्होंने ग्रीष्म ऋतु में दो एकड़ में करेला एवं बरबट्टी की फसल लेकर चार लाख रूपये कमाए हैं और इस वर्ष 22 जुलाई से अब तक चारामा मण्डी में लगभग एक लाख रूपये की सब्जी विक्रय किया है।

सरकार की योजनाओं का लाभ लेकर उन्होंने आधुनिक पद्धति से सब्जी की खेती करना शुरू किया। उन्होंने उद्यानिकी विभाग से अपनी ढ़ाई एकड़ जमीन पर तार फेंसिंग कराने के लिए निःशुल्क तार मदद और ड्रिप सिस्टम के लिए 43 हजार रूपये के अनुदान का लाभ लिया और अब वे दूसरों को भी रोजगार दे रहे हैं।