Ad DesktopAd TabletAd Mobile
फसल की खेती (Crop Cultivation)राज्य कृषि समाचार (State News)

मध्य प्रदेश में लक्ष्य के विरुद्ध 78 फीसदी बोनी पूरी

गेहूं की बुवाई में आई तेजी

  • (विशेष प्रतिनिधि)

8 दिसम्बर 2022, भोपाल । मध्य प्रदेश में लक्ष्य के विरुद्ध 78 फीसदी बोनी पूरी – चालू रबी सीजन में फसलों की बुवाई तेजी से चल रही है। इस वर्ष राज्य में गेहूं का रकबा कम कर दलहनी एवं तिलहनी फसलों का रकबा बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है उनका लक्ष्य बढ़ाया गया है। 2 दिसम्बर तक म.प्र. में 108.61 लाख हे. में बुवाई हुई है जो लक्ष्य के विरुद्ध लगभग 78 फीसदी है। गत वर्ष इस अवधि में 105.8 लाख हेक्टेयर में बोनी हुर्ई थी। वहीं गेहूं की बुवाई में तेजी आई है। अब तक लगभग गत वर्ष की तुलना में 5 लाख हेक्टेयर अधिक क्षेत्र में बोनी हो गई है।

कृषि विभाग के मुताबिक प्रदेश में रबी फसलों का सामान्य क्षेत्र 124 लाख 77 हजार हेक्टेयर है। इस वर्ष 139.06 लाख हेक्टेयर में रबी फसलें लेने का लक्ष्य रखा गया है। कृषि विभाग के अनुसार अब तक 108.61 लाख हेक्टेयर में बोनी कर ली गई है। इसमें राज्य की प्रमुख रबी फसल गेहूं की बोनी 66.29 लाख हेक्टेयर में हुई है। जबकि गत वर्ष अब तक 61.99 लाख हेक्टेयर में गेहूं बोया गया था। इस प्रकार लगभग 5 लाख हेक्टेयर में गेहूं की बुवाई अधिक हुई है। राज्य की दूसरी प्रमुख फसल चने की बोनी अब तक 18.60 लाख हेक्टेयर में हो गई है जो गत वर्ष समान अवधि में 22.53 लाख हे. में हुई थी। अन्य फसलों में अब तक मटर 2.21 लाख हे. में, मसूर 6.04 लाख हे. में बोई गई है।

राज्य की प्रमुख तिलहनी फसल सरसों की बोनी लक्ष्य से अधिक 13.46 लाख हेक्टेयर में हुई है। जबकि लक्ष्य 13.07 लाख हे. रखा गया है। वहीं गत वर्ष अब तक सरसों 10.66 लाख हेक्टेयर में बोई गई थी। अलसी की बोनी 1.04 लाख हेक्टेयर में हुई है। इस वर्ष गन्ना 1.40 लाख हेक्टेयर में लिया जायेगा, अब तक इसकी बुवाई 55 हजार हेक्टेयर में हुई है जबकि गत वर्ष इस अवधि में समान क्षेत्र में गन्ना बोया गया था। प्रदेश में अब तक कुल अनाज फसलें 66.72 लाख हे. में, दलहनी फसलें 26.85 लाख हे. में एवं तिलहनी फसलें 14.50 लाख हे. में बोई गई हैं।

प्रदेश में रबी फसलों की बुवाई

2 दिसम्बर 2022 तक (लाख हे. में)

फसललक्ष्यबुवाई
गेहूं89.0366.29
जौ0.520.43
चना 24.4718.6
मटर2.82.21
मसूर6.496.04
सरसों13.0713.46
अलसी 1.271.04
गन्ना1.40.55
स्रोत : कृषि विभाग, म.प्र.