Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

जहां बंजर थी जमीन, वहां महक उठा केसर, लद्दाख ने रच दिया नया इतिहास

03 नवंबर 2026, भोपाल: जहां बंजर थी जमीन, वहां महक उठा केसर, लद्दाख ने रच दिया नया इतिहास – केसर की खेती के लिए अब तक कश्मीर की घाटियां सबसे अनुकूल और प्रसिद्ध मानी जाती रही हैं, लेकिन अब लद्दाख की ऊंची पहाड़ियों में भी केसर की खुशबू फैलने लगी है। लेह जिले में बंजर पड़ी जमीन पर केसर की प्रायोगिक खेती का प्रयोग शुरुआती स्तर पर सफल होता दिखाई दे रहा है। यहां केसर के फूल महज 30 दिनों में खिल उठे, जबकि सामान्य परिस्थितियों में इन्हें खिलने में करीब दो महीने का समय लगता है। इतना ही नहीं, शुरुआती चार दिनों में लगभग 22 ग्राम शुद्ध केसर भी प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि ने लद्दाख में केसर की व्यावसायिक खेती की नई संभावनाएं पैदा कर दी हैं।

लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने इस प्रयोग की जानकारी साझा करते हुए बताया कि लेह जिले के स्पितुक फरका में पहले से अनुपयोगी और बंजर पड़ी करीब 4,000 वर्ग मीटर जमीन पर केसर की प्रायोगिक खेती शुरू की गई थी। इस परियोजना की शुरुआत 2 अक्टूबर को हुई। इसके तहत ईरान से मंगाए गए उच्च गुणवत्ता वाले लगभग 90 हजार केसर के कंद लगाए गए, जिनका कुल वजन करीब 800 किलोग्राम बताया गया है। इन कंदों का चयन लद्दाख की अधिक ऊंचाई और यहां की विशेष जलवायु परिस्थितियों को ध्यान में रखकर किया गया था।

दो महीने के बजाय 30 दिन में खिल उठे फूल

इस प्रयोग की सबसे खास बात केसर के फूलों का निर्धारित समय से पहले खिलना है। उपराज्यपाल के अनुसार, सामान्य परिस्थितियों में केसर के फूल आने में लगभग दो महीने का समय लगता है, लेकिन लद्दाख में महज 30 दिनों के भीतर फूल दिखाई देने लगे। उन्होंने स्वयं स्पितुक फरका स्थित खेत का निरीक्षण किया और वहां खिले केसर के फूलों को देखा। शुरुआती चार दिनों में करीब 22 ग्राम शुद्ध केसर का उत्पादन भी दर्ज किया गया।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

बंजर जमीन से रोजगार और आय की उम्मीद

लद्दाख में हुए इस प्रयोग को कृषि के क्षेत्र में नई संभावनाओं के रूप में देखा जा रहा है। यदि यहां की मिट्टी और जलवायु में केसर की खेती लंबे समय तक सफल रहती है तो अनुपयोगी पड़ी जमीन को भी कृषि उत्पादन से जोड़ा जा सकेगा। इससे स्थानीय किसानों और युवाओं के लिए रोजगार तथा आय के नए अवसर विकसित हो सकते हैं। कश्मीर के बाद अब लद्दाख में केसर की खेती की यह पहल हिमालयी क्षेत्रों में कृषि विविधीकरण की नई राह खोल सकती है। हालांकि व्यावसायिक स्तर पर इसकी सफलता का आकलन उत्पादन की निरंतरता, गुणवत्ता और लागत के आधार पर ही हो सकेगा। फिलहाल शुरुआती परिणामों ने लद्दाख की बंजर जमीन में केसर की खेती की उम्मीद जरूर जगा दी है।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture