मध्यप्रदेश में आग उगल रहा मौसम: दिन के साथ रातें भी हो रहीं गर्म, आज सतना-पन्ना-छतरपुर और टीकमगढ़ में रेड अलर्ट
25 मई 2026, भोपाल: मध्यप्रदेश में आग उगल रहा मौसम: दिन के साथ रातें भी हो रहीं गर्म, आज सतना-पन्ना-छतरपुर और टीकमगढ़ में रेड अलर्ट – भारतीय मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी और लू का असर लगातार बना हुआ है। शुक्रवार 23 मई को प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहा, जबकि छतरपुर जिले में लू का प्रभाव दर्ज किया गया। वहीं छिंदवाड़ा जिले में गर्म रात की स्थिति बनी रही। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं हुआ, लेकिन भोपाल, रीवा, जबलपुर, शहडोल और सागर संभाग के जिलों में तापमान सामान्य से 1.7 से 2.8 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस नौगांव (छतरपुर) में रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा खजुराहो में 46.4 डिग्री, सतना और टीकमगढ़ में 44.5 डिग्री, विदिशा और दतिया में 44.4 डिग्री तथा नरसिंहपुर और दमोह में 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। दूसरी ओर सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में रिकॉर्ड किया गया।
प्रदेश के कई शहरों में रात का तापमान भी सामान्य से अधिक बना रहा। ग्वालियर में न्यूनतम तापमान 30.7 डिग्री, दतिया में 30.6 डिग्री, रायसेन में 30.5 डिग्री और विदिशा में 30.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने इसे गर्म रात की स्थिति बताया है, जिससे लोगों को दिन के साथ रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है।
मानसून की रफ्तार बढ़ी, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में आगे बढ़ा मानसून
आईएमडी के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून 23 मई को दक्षिण-पश्चिम अरब सागर, दक्षिण-पूर्व अरब सागर, कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण-पश्चिम और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तथा अंडमान सागर के अधिकांश हिस्सों में आगे बढ़ चुका है। मौसम विभाग ने बताया कि आगामी 3 से 4 दिनों के दौरान मानसून के और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार जम्मू और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके अलावा पंजाब से दक्षिण-पश्चिम राजस्थान तक एक ट्रफ रेखा भी बनी हुई है। वहीं 28 मई से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना जताई गई है।
कई जिलों में तीव्र लू का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए लू और तीव्र लू की चेतावनी जारी की है। सतना, पन्ना, छतरपुर और टीकमगढ़ जिलों में कहीं-कहीं तीव्र ऊष्ण लहर चलने की संभावना है। वहीं दतिया, भिंड, रीवा, मऊगंज, कटनी, दमोह, निवाड़ी और मैहर में भी तीव्र लू का असर रह सकता है।
इसके अलावा सागर जिले में लू का अलर्ट जारी किया गया है। विदिशा, रायसेन, राजगढ़, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, रतलाम, उज्जैन, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, मुरैना, श्योपुरकलां, सिंगरौली, सीधी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, जबलपुर और नरसिंहपुर जिलों में भी कहीं-कहीं लू चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने छिंदवाड़ा, बालाघाट और पांढुर्णा जिलों में गर्म रात की स्थिति बने रहने की चेतावनी दी है। विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अत्यधिक गर्मी से बचने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।
किसानों और पशुपालकों के लिए विशेष सलाह
मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि मिट्टी में नमी बनाए रखने के लिए हल्की और बार-बार सिंचाई करें तथा पानी की बचत के लिए सुबह या शाम के समय ही सिंचाई करें। खेतों में मल्चिंग का उपयोग करने और तेज गर्मी के दौरान उर्वरक एवं कीटनाशकों के छिड़काव से बचने की सलाह दी गई है। किसानों को फसलों में चूसक कीटों की नियमित निगरानी करने और आवश्यकता अनुसार नियंत्रण उपाय अपनाने को कहा गया है।
पशुपालकों को सलाह दी गई है कि पशुओं को छायादार और हवादार स्थानों पर रखें तथा दिन में 3 से 4 बार साफ पीने का पानी उपलब्ध कराएं। पशुओं के आहार में खनिज मिश्रण और नमक मिलाने तथा दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच चराई से बचाने की सलाह भी दी गई है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

