राज्य कृषि समाचार (State News)

विदिशा : दाल मिल लगाने पर मिलेगा 25 लाख तक अनुदान

25 अगस्त 2026, विदिशा: विदिशा : दाल मिल लगाने पर मिलेगा 25 लाख तक अनुदान – जिले में दलहन फसलों के मूल्य संवर्धन और किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण पहल की गई है। मध्य प्रदेश के किसान कल्याण तथा कृषि विकास संचालनालय द्वारा दलहनों में आत्मनिर्भरता मिशन के तहत प्रसंस्करण एवं पैकेजिंग इकाई (दाल मिल) की स्थापना के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के तहत पात्र हितग्राही 30 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह योजना वर्ष 2026-27 के लिए है। योजना अंतर्गत कृषक उत्पादक संगठन (FPO), क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF), प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियां (PACS/पैक्स) तथा व्यक्तिगत हितग्राही आवेदन के पात्र हैं।

25 लाख रुपए तक मिलेगा अनुदान –  दाल मिल की स्थापना के लिए स्वीकृत परियोजना लागत का 33 प्रतिशत तक अनुदान प्रदान किया जाएगा, जिसकी अधिकतम सीमा 25 लाख रुपए होगी। अनुदान शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं शर्तों के अधीन दिया जाएगा। योजना का लाभ लेने के लिए पात्र हितग्राही को बैंक ऋण प्राप्त करना अनिवार्य होगा। इसके अतिरिक्त हितग्राहियों को कृषि अवसंरचना कोष ( AIF) के अंतर्गत ब्याज सहायता का लाभ भी प्राप्त हो सकेगा। इससे हितग्राहियों को रियायती ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध होने में सहायता मिलेगी।

किसानों को मिलेगा स्थानीय स्तर पर बेहतर बाजार –  विदिशा जिले में दाल मिल एवं प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना से दलहन उत्पादक किसानों को अपनी उपज के प्रसंस्करण एवं विपणन की सुविधा स्थानीय स्तर पर मिल सकेगी। इससे दलहनों का मूल्य संवर्धन, स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण एवं पैकेजिंग, बेहतर विपणन व्यवस्था तथा किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलने की संभावनाएं बढ़ेंगी। साथ ही जिले में कृषि आधारित उद्यमों को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित हो सकेंगे।

यहां से प्राप्त करें विस्तृत जानकारी –   योजना की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, नियम एवं शर्तों तथा ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी मध्यप्रदेश कृषि अभियांत्रिकी विभाग के पोर्टल(chc.mpdage.org) पर उपलब्ध है।  इच्छुक आवेदक अधिक जानकारी एवं मार्गदर्शन के लिए विदिशा स्थित उप संचालक, किसान कल्याण तथा कृषि विकास कार्यालय अथवा अपने विकासखंड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एवं कृषि विस्तार अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture