केन्द्रीय राज्यमंत्री ने किया राज्य स्तरीय ‘आदि बाजार’ का शुभारंभ
25 नवंबर 2026, इंदौर: केन्द्रीय राज्यमंत्री ने किया राज्य स्तरीय ‘आदि बाजार’ का शुभारंभ – जनजातीय समाज की समृद्ध कला, संस्कृति, परंपराओं और हस्तशिल्प को प्रोत्साहित करने तथा जनजातीय शिल्पकारों एवं उद्यमियों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय सात दिवसीय ‘आदि बाजार’ का सोमवार को शुभारंभ हुआ। केन्द्रीय जनजातीय कार्य विभाग राज्यमंत्री श्री दुर्गादास उईके ने इंदौर के ग्रामीण हाट में आयोजित इस बाजार का शुभारंभ किया। भारतीय जनजातीय सहकारी विपणन विकास संघ मर्यादित (ट्राइफेड) द्वारा 23 से 29 नवम्बर 2026 तक आयोजित इस बाजार में देश के विभिन्न राज्यों के जनजातीय शिल्पकार अपने पारंपरिक हस्तनिर्मित उत्पादों, कलाकृतियों और स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय कर रहे हैं।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री दुर्गादास उईके ने कहा कि देश की समृद्ध जनजातीय कला, संस्कृति, परंपराओं और हस्तशिल्प को प्रोत्साहित करने तथा जनजातीय शिल्पकारों को उनके उत्पादों के लिए व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आदि बाजार के आयोजन प्रारंभ किए गए हैं। मां अहिल्या की पावन नगरी इंदौर में इस वर्ष का यह पहला आदि बाजार आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। आदि बाजार इस दिशा मंं एक महत्वपूर्ण माध्यम है।
केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री उईके ने कहा कि जनजातीय अंचलों में हस्तशिल्प, पारंपरिक ज्ञान, कला और प्राकृतिक संसाधनों का अनमोल भंडार है। यहां के शिल्पकारों में अद्भुत हुनर है, लेकिन पहले उन्हें अपने उत्पादों के विक्रय के लिए उचित बाजार और अवसर उपलब्ध नहीं हो पाते थे। ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि, वन उपज, अनाज एवं सब्जियों का पर्याप्त उत्पादन होने के बावजूद विपणन की सुविधाओं का अभाव रहता था। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी की परिकल्पना के अनुरूप गांव-गांव तक सड़कों का विस्तार हुआ और आधारभूत सुविधाओं में वृद्धि हुई। इससे ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों के विकास को गति मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के लिए 24 हजार करोड़ रुपये की राशि का प्रावधान किया गया है। ट्राइफेड के माध्यम से जनजातीय शिल्पकारों और उत्पादकों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन के बेहतर अवसर मिल रहे हैं। इससे जनजातीय समुदाय आर्थिक रूप से सशक्त होगा और देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
श्री उईके ने कहा कि 6 अगस्त 1987 को ट्राइफेड की स्थापना जनजातीय कला, संस्कृति एवं हस्तशिल्प को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई थी। इसके माध्यम से जनजातीय शिल्पकारों को आर्थिक सशक्तिकरण के साथ अपनी सांस्कृतिक पहचान और पारंपरिक विरासत को आगे बढ़ाने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने ज्वार, बाजरा, कोदो और कुटकी जैसे पारंपरिक जनजातीय कृषि उत्पादों को श्रीअन्न के रूप में विशेष पहचान और सम्मान प्रदान किया है। जनजातीय क्षेत्रों के प्राकृतिक उत्पाद, शुद्ध खाद्य सामग्री, औषधीय वन उत्पाद और शहद भी विशेष महत्व रखते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आदि बाजार जैसे आयोजन जनजातीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
देशभर के जनजातीय शिल्पकारों के उत्पादों से सजा आदि बाजार – आदि बाजार में मध्यप्रदेश, राजस्थान, चंडीगढ़, गुवाहाटी, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, हैदराबाद, अहमदाबाद, महाराष्ट्र और ओडिशा सहित विभिन्न क्षेत्रों के जनजातीय शिल्पकारों एवं उद्यमियों ने अपने स्टॉल लगाए हैं। यहां पॉमलीप इनग्रेविंग, वरली पेंटिंग, पट्टाचित्र पेंटिंग, तारकशी, ढोकरा शिल्प, कांथा एम्ब्रायडरी, पश्मीना शॉल, एप्लिक कारीगरी, बिदरी कला, लौह शिल्प, जनजातीय चित्रकलाएं और पारंपरिक वस्त्र विशेष आकर्षण का केन्द्र हैं।
बाजार में मध्यप्रदेश की प्रसिद्ध महेश्वरी एवं चंदेरी वस्त्र कला, बाघ प्रिंट की साड़ियां और सूट भी प्रदर्शित किए गए हैं। इन वस्त्रों में पारंपरिक हथकरघा बुनाई, प्राकृतिक रंगों तथा लकड़ी के ब्लॉकों से की जाने वाली छपाई कला की विशिष्टता देखने को मिल रही है। इसके अतिरिक्त डोकरा धातु शिल्प की कलात्मक वस्तुएं, बांस से निर्मित घरेलू एवं सजावटी सामग्री, नारियल के खोल से बने कोकोनट बॉक्स और विभिन्न जनजातीय चित्रकलाएं भी आगंतुकों को आकर्षित कर रही हैं।
आदि बाजार में प्राकृतिक शहद, स्थानीय स्तर पर उत्पादित जैविक सामग्री, हस्तनिर्मित उपहार सामग्री और दैनिक उपयोग की पारंपरिक वस्तुएं भी उपलब्ध हैं। इस आयोजन के माध्यम से नागरिकों को देश के विभिन्न जनजातीय अंचलों की कला, शिल्प, प्राकृतिक संसाधनों और पारंपरिक कौशल से तैयार उत्पादों को करीब से जानने तथा सीधे शिल्पकारों से खरीदने का अवसर मिल रहा है।
मध्यप्रदेश में आगे भी होंगे आदि बाजार और आदि महोत्सव – ट्राइफेड की महाप्रबंधक श्रीमती प्रीति मैथिल ने स्वागत उद्बोधन देते हुए आदि बाजार के उद्देश्यों एवं आयोजन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में जनजातीय लोककलाओं एवं हस्तशिल्प को प्रोत्साहित करने के लिए श्रृंखलाबद्ध रूप से आदि बाजार और आदि महोत्सव आयोजित किए जाएंगे। इंदौर के बाद दिसम्बर 2026 में रीवा में, जनवरी 2027 में भोपाल में आदि महोत्सव तथा फरवरी और मार्च 2027 में जबलपुर में आदि बाजार के आयोजन प्रस्तावित हैं।
शुभारंभ अवसर पर आदिवासी समाज के कलाकारों ने पारंपरिक लोकनृत्य के माध्यम से केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री उईके का स्वागत किया। श्री उईके ने भी कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके साथ लोकनृत्य में सहभागिता की। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया तथा शिल्पकारों से चर्चा कर उनके उत्पादों, पारंपरिक कला और विपणन संबंधी अनुभवों की जानकारी ली। इस अवसर पर ट्राइफेड के सहायक प्रबंधक श्री पी.एम. खदाने, सहायक प्रबंधक श्री योगेश यादव सहित बड़ी संख्या में जनजातीय कलाकार एवं शिल्पकार उपस्थित थे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


