बांद्राभान मेले में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने किया स्नान
ऐतिहासिक मेले के 200 वर्ष पूरे, पहली बार ड्रोन से निगरानी; कलेक्टर-एसपी ने संभाली व्यवस्थाओं की कमान
25 नवंबर 2026, नर्मदापुरम: बांद्राभान मेले में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने किया स्नान – कार्तिक पूर्णिमा पर नर्मदा-तवा के पवित्र संगम स्थल बांद्राभान में आयोजित ऐतिहासिक मेले में लाखों श्रद्धालुओं ने पुण्य स्नान किया। मेले के 200 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सुबह से ही संगम घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे लोगों ने स्नान, पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और नर्मदा के तेज बहाव को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। कलेक्टर आशीष वशिष्ठ और पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। घाटों पर गोताखोरों के साथ एसडीईआरएफ और होमगार्ड के जवान तैनात रहे। पहली बार मेले की निगरानी ड्रोन से भी की गई।
आपदा प्रबंधन दल ने दिखाई तत्परता
मेले के दौरान प्रसव पीड़ा से जूझ रही एक महिला को आपदा प्रबंधन दल ने भीड़ से सुरक्षित निकालकर एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की गई।
आस्था और परंपरा का केंद्र है बांद्राभान
नर्मदा और तवा नदियों का संगम प्राचीन समय से ही धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। स्थानीय जनश्रुति के अनुसार, एक ऋषि की शापमुक्ति की कथा से इस स्थान का नाम बांद्राभान पड़ा। संगम में स्नान को पुण्यदायी मानने की परंपरा के चलते नर्मदापुरम सहित सीहोर, रायसेन, विदिशा, नरसिंहपुर, बैतूल, हरदा और खंडवा से श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। मेले के 200 वर्ष पूर्ण होने पर मां नर्मदा को समर्पित भागवत कथा का आयोजन भी किया गया।
मेले की विशेष पहचान संगम तट पर बनने वाली पारंपरिक दाल-बाटी, चूरमा और बैंगन के भरते की सामूहिक भोजन परंपरा है। श्रद्धालु रेती पर कंडों के चूल्हे जलाकर भोजन तैयार करते हैं। धार्मिक मर्यादा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेला क्षेत्र में शराब बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया तथा आबकारी विभाग ने निगरानी के लिए शिविर स्थापित किया।
कार्तिक पूर्णिमा पर नर्मदापुरम के सेठानी घाट, विवेकानंद घाट और पोस्ट ऑफिस घाट पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने नर्मदा स्नान और पूजा-अर्चना की।
25 नवंबर 2026, नई दिल्ली: बांद्राभान मेले में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने किया स्नान –
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


