Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

झारखंड के गुमला जिले में किसान मेले में केंद्रीय कृषि मंत्री तोमर

04 मार्च 2023, बिशनुपुर (गुमला, झारखंड)/ नई दिल्ली: झारखंड के गुमला जिले में किसान मेले में केंद्रीय कृषि मंत्री तोमर – झारखंड में गुमला जिले के बिशनुपुर में आयोजित जिला स्तरीय बहुउद्देशीय वृहद किसान मेले का शुभारंभ केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने किया। विकास भारती, बिशुनपुर की स्थापना की 40वीं वर्षगांठ के उपलक्ष में संस्था व उसके प्रशासनिक प्रबंधन में संचालित कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), गुमला द्वारा आयोजित मेले में मुख्य अतिथि श्री तोमर ने कहा कि आज दुनिया हिंदुस्तान की तरफ अपेक्षाभरी नजरों से देख रही है कि मुसीबत के समय यदि जरूरत पड़ेगी तो भारत हमें मदद करेगा। श्री तोमर कहा कि अभी अमृत महोत्सव से लेकर अमृत काल तक, जब देश की आजादी के 100 साल पूरे हो, तब तक भारत विश्व गुरू बनें और सारी दुनिया में श्रेष्ठ भारत के रूप में पहचाना जाए, यह तभी संभव है जब हम सबका साथ- सबका विकास- सबका विश्वास- सबका प्रयास के मूल मंत्र को अपनाते हुए काम करें।

केंद्रीय मंत्री श्री तोमर ने किसानों को सशक्त करने पर जोर देते हुए कहा कि किसान आगे बढ़ेगा तो देश आगे बढ़ेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री की पहल पर संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित अंतरराष्ट्रीय मिलेट वर्ष 2023 का जिक्र करते हुए कहा कि किसानों को इस दिशा में तेजी से प्रवृत्त होना चाहिए। झारखंड मिलेट (श्री अन्न) स्टेट रूप में दुनिया में जाना जाएं, इस दिशा में राज्य सरकार को भी तेज प्रयास करना चाहिए।

कार्यक्रम में श्री सुदर्शन भगत, श्री समीर उरांव सांसदगण के साथ ही बिरसा कृषि विश्वविद्यालय रांची के कुलपति डा. ओंकारनाथ सिंह, सरसों अनुसंधान निदेशालय भरतपुर के निदेशक डा. पी.के. राय, विकास भारती की उपाध्यक्ष डा. रंजना चौधरी, सचिव पद्मश्री डा. अशोक भगत, संयुक्त सचिव श्री महेंद्र भगत, केवीके के डा. संजय सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान भाई-बहन तथा वैज्ञानिक भी उपस्थित थे।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

महत्वपूर्ण खबर: गेहूँ मंडी रेट (02 मार्च 2023 के अनुसार)

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्राम )