रायपुर में 26 नवंबर से दो दिवसीय राष्ट्रीय मखाना कार्यशाला, 4 राज्यों के 300 से अधिक किसान होंगे शामिल
20 नवंबर 2026, रायपुर: रायपुर में 26 नवंबर से दो दिवसीय राष्ट्रीय मखाना कार्यशाला, 4 राज्यों के 300 से अधिक किसान होंगे शामिल – छत्तीसगढ़ में मखाना की खेती और उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 26 और 27 नवंबर को दो दिवसीय राष्ट्रीय मखाना कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, राष्ट्रीय मखाना बोर्ड और संचालनालय उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में यह कार्यक्रम कृषि महाविद्यालय, रायपुर के स्वामी विवेकानंद सभागार में आयोजित होगा।
कार्यशाला में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के लगभग 250 से 300 किसान और महिला स्व-सहायता समूहों के सदस्य हिस्सा लेंगे। इसके अलावा मध्यप्रदेश के 27, उत्तरप्रदेश के 22 और ओडिशा के 9 किसान भी शामिल होंगे। बागवानी, मत्स्य पालन, कृषि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।
छत्तीसगढ़ में 133 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में हो रही मखाना की खेती
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और कृषि मंत्री रामविचार नेताम के प्रयासों से केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय मखाना बोर्ड में शामिल किया है। इसके बाद प्रदेश में मखाना उत्पादन के विस्तार की संभावनाएं बढ़ी हैं। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय और उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी विभाग के सहयोग से वर्तमान में प्रदेश में 133.862 हेक्टेयर क्षेत्र में मखाना की खेती की जा रही है। इसमें 96.438 हेक्टेयर तालाबों और 37.424 हेक्टेयर कम गहरे पानी वाले खेतों में खेती हो रही है। इसके अलावा 15 हेक्टेयर क्षेत्र में मखाना बीज उत्पादन कार्यक्रम भी संचालित किया जा रहा है।प्रदेश के धमतरी, रायपुर के आरंग, बालोद, महासमुंद, गरियाबंद और जांजगीर-चांपा प्रमुख मखाना उत्पादक जिले हैं।
खेती से लेकर प्रसंस्करण और मार्केटिंग की मिलेगी जानकारी
दो दिवसीय कार्यशाला में किसानों को मखाना की उन्नत खेती, वैज्ञानिक प्रसंस्करण, मशीनीकरण, मूल्य संवर्धन, कीट एवं रोग प्रबंधन और विपणन से जुड़ी आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। कार्यशाला में राष्ट्रीय मखाना संस्थान के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. मनोज कुमार, प्रसंस्करण के मुख्य वैज्ञानिक धमेन्दर कुमार, बिहार के मखाना विशेषज्ञ डॉ. विद्यानन्द झा, केंद्रीय फसल-कटाई उपरांत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान, लुधियाना के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. राजेश कुमार विश्वकर्मा, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के मखाना नोडल अधिकारी डॉ. घनश्याम दास साहू और मखाना समन्वयक डॉ. गजेन्द्र चन्द्राकर विभिन्न विषयों पर व्याख्यान देंगे।
किसानों को अनुदान और सहायता की भी जानकारी मिलेगी
कार्यशाला का उद्देश्य किसानों, उद्यमियों, वैज्ञानिकों और अन्य हितधारकों को एक मंच पर लाकर मखाना उत्पादन से जुड़ी नई तकनीकों की जानकारी देना है। इसके साथ ही प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और विपणन की बेहतर व्यवस्थाओं को बढ़ावा देना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है।
राष्ट्रीय मखाना बोर्ड की ओर से मखाना क्षेत्र के विकास के लिए प्रक्षेत्र विस्तार, बीज उत्पादन, फसल कटाई के बाद प्रबंधन, मूल्य संवर्धन, बाजार और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न प्रकार के अनुदान और सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। कार्यशाला में किसानों को इन सुविधाओं और योजनाओं की जानकारी भी मिलेगी।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


