PMFME योजना से चमकी शिवपुरी के विवेक गुप्ता की किस्मत, मूंगफली प्लांट से बने सफल उद्यमी
20 नवंबर 2026, भोपाल: PMFME योजना से चमकी शिवपुरी के विवेक गुप्ता की किस्मत, मूंगफली प्लांट से बने सफल उद्यमी – मेहनत, लगन और सही अवसर मिल जाए तो कोई भी व्यक्ति अपने सपनों को हकीकत में बदल सकता है। शिवपुरी के उद्यमी विवेक गुप्ता ने इसे सच कर दिखाया है। कभी सामान्य ट्रेडिंग का काम करने वाले विवेक आज खुद के मूंगफली प्लांट के जरिए सफल उद्यमी बन चुके हैं। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) के तहत मिली आर्थिक सहायता और सब्सिडी ने उनके उद्योग लगाने के सपने को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आज उनका प्लांट न केवल मुनाफा कमा रहा है, बल्कि 20 से 25 स्थानीय लोगों को रोजगार भी दे रहा है।
ट्रेडिंग से शुरू किया था कारोबार
विवेक गुप्ता ने वर्ष 2016 में सामान्य ट्रेडिंग के काम से अपने व्यावसायिक सफर की शुरुआत की थी। व्यापार के सिलसिले में उनका गुजरात और महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में आना-जाना रहा। इसी दौरान गुजरात के राजकोट प्रवास पर उन्होंने सॉर्टेक्स तकनीक और आधुनिक व्यापारिक गतिविधियों को करीब से समझा। वहां व्यापारियों के कामकाज और उद्योग संचालन के तरीकों को देखने के बाद उनके मन में अपना उद्योग स्थापित करने का विचार आया।
PMFME योजना से मिला 49 लाख का ऋण, 10 लाख की सब्सिडी
अपने सपने को पूरा करने के लिए विवेक ने केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) के तहत वित्तीय सहायता के लिए आवेदन किया। योजना के माध्यम से उन्हें 49 लाख रुपये का बैंक ऋण मिला। इसके साथ ही शासन की ओर से 10 लाख रुपये की सब्सिडी भी उनके खाते में जमा की गई।
विवेक के अनुसार, बैंक ऋण की प्रक्रिया में करीब 15 से 20 दिन का समय लगा, जबकि आवेदन के तीन महीने के भीतर सब्सिडी की राशि भी खाते में आ गई। इस आर्थिक सहायता से उन्हें मूंगफली प्रसंस्करण प्लांट स्थापित करने में मदद मिली।
75 प्रतिशत बैंक ऋण चुका चुके हैं विवेक
मूंगफली प्लांट शुरू करने के बाद विवेक ने गुजरात से सीखी गई तकनीक और अनुभव का इस्तेमाल किया। बेहतर प्रबंधन और व्यावसायिक समझ के दम पर उन्होंने अपने कारोबार को आगे बढ़ाया। आज उनका उद्योग अच्छा मुनाफा दे रहा है। वे बैंक से लिए गए कुल ऋण का करीब 75 प्रतिशत हिस्सा चुका चुके हैं।
अब विवेक अपने कारोबार का विस्तार करने की तैयारी में हैं। उनकी योजना जल्द ही मूंगफली से पीनट बटर का व्यावसायिक उत्पादन शुरू करने की है।
20 से 25 लोगों को दे रहे रोजगार
विवेक गुप्ता की सफलता केवल उनके खुद के व्यवसाय तक सीमित नहीं है। उनके मूंगफली प्लांट से वर्तमान में करीब 20 से 25 स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिल रहा है। इस तरह उन्होंने अपना उद्योग स्थापित करने के साथ क्षेत्र के अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर तैयार किए हैं।
विवेक की यह सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो अपना व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं, लेकिन आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण आगे नहीं बढ़ पाते। उनकी कहानी बताती है कि मेहनत, सही योजना और सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर छोटे स्तर से भी सफल उद्योग स्थापित किया जा सकता है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


