राज्य कृषि समाचार (State News)

सिवनी में दो दिवसीय उद्यानिकी सेमीनार एवं पुष्प-फल-सब्जी महोत्सव का समापन, 262 कृषक हुए लाभान्वित  

01 अप्रैल 2026, सिवनीसिवनी में दो दिवसीय उद्यानिकी सेमीनार एवं पुष्प-फल-सब्जी महोत्सव का समापन, 262 कृषक हुए लाभान्वित – मध्यप्रदेश के सिवनी जिला कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले के मार्गदर्शन एवं सहायक संचालक उद्यान डॉ. आशा उपवंशी वासेवार के निर्देशन में उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, जिला सिवनी द्वारा एकीकृत बागवानी विकास मिशन अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय सेमीनार एवं पुष्प-फल-सब्जी महोत्सव का समापन शासकीय कंपनी गार्डन सिवनी में हुआ।

समापन सत्र में विधायक श्री दिनेश राय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जिला स्तरीय सेमीनार में कृषकों को उद्यानिकी फसलों के विस्तार, मखाना, सूरन, स्ट्रॉबेरी, केला आदि फसलों की उन्नत खेती तथा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम (PMFME) योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन, जनपद अध्यक्ष श्रीमती किरण भलावी सहित कृषि विज्ञान केंद्र सिवनी एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सहायक संचालक उद्यान डॉ. आशा उपवंशी वासेवार ने कृषकों को उद्यानिकी फसलों का रकबा बढ़ाने एवं उत्पादों के प्रसंस्करण की संभावनाओं पर जानकारी देते हुए अपने कुल कृषि रकबे के एक तिहाई भाग में उद्यानिकी फसलों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कृषि विज्ञान केंद्र सिवनी के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. शेखर बघेल ने फसलों के रखरखाव एवं उत्पादन तकनीकों पर मार्गदर्शन दिया। उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों द्वारा विभिन्न विषयों पर जानकारी दी गई, जिसमें श्री जय शंकर धुर्वे द्वारा मखाना खेती, श्रीमती कंचन वर्मा द्वारा प्रधानमंत्री सूक्ष्म कृषि सिंचाई योजना (पीडीएमसी) अंतर्गत टपक सिंचाई, तथा श्रीमती आशा किरण राणा द्वारा औषधीय खेती की संभावनाओं पर विस्तृत जानकारी दी गई।

मुख्य अतिथि विधायक श्री दिनेश राय ने कृषकों को उद्यानिकी की नवीन फसलों को अपनाने, नवाचार करने एवं खाद्य प्रसंस्करण की दिशा में आगे बढ़कर पीएमएफएमई योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन ने जिले में उद्यानिकी विकास को बढ़ावा देने पर जोर दिया। कार्यक्रम में प्रगतिशील कृषकों श्री लोकेश कटरे (चिया सीड), श्री प्रीतम ठाकुर (हल्दी), श्री आदित्य बघेल (सूरन एवं राजमा), श्री मनीष साहू (सीताफल एवं गेंदा) तथा श्री रघुवीर पटेल ने अपने अनुभव साझा किए। महोत्सव के दौरान फल-फूल, सब्जी एवं पीएमएफएमई उत्पादों की प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसका अतिथियों एवं कृषकों द्वारा अवलोकन कर सराहना की गई। कार्यक्रम में जिले के समस्त विकासखंडों से आए 262 कृषकों ने भाग लेकर उद्यानिकी तकनीकों एवं योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements