राज्य कृषि समाचार (State News)

टीकमगढ़ : मौसम विभाग की कृषि एवं पशुपालकों के लिए सलाह

13 जून 2026, टीकमगढ़: टीकमगढ़ : मौसम विभाग की कृषि एवं पशुपालकों के लिए सलाह – कृषि मौसम वैज्ञानिकों ने आगामी 2 से 3 दिनों के दौरान जिले में धूल भरी आंधी, गरज-चमक के साथ खण्ड वर्षा तथा तेज हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार इस अवधि में हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। ऐसे में किसानों एवं पशुपालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

कृषि विशेषज्ञों ने किसानों से अपील की है कि बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचें तथा पशुओं को भी खुले में न रखें, क्योंकि आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रह सकता है। आगामी दिनों में आसमान में 40 से 75 प्रतिशत तक बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

कृषि वैज्ञानिकों ने मूंग एवं उड़द की तैयार फसल की कटाई अगले 7 से 10 दिनों के भीतर शीघ्र पूर्ण करने की सलाह दी है। संभावित वर्षा को देखते हुए कटी हुई फसल को खेत में खुला न छोड़कर सुरक्षित स्थान पर संग्रहित करने की बात कही गई है। साथ ही मानसून के 18 से 22 जून के बीच पहुंचने की संभावना को देखते हुए कटाई, गहाई एवं भंडारण कार्य समय रहते पूर्ण करने की सलाह दी गई है।

जिन किसानों के पास पर्याप्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध है, वे धान की नर्सरी तैयार करने का कार्य प्रारंभ करें। किसानों को खरीफ फसलों की बुआई के लिए उन्नत बीज एवं उर्वरकों की अग्रिम व्यवस्था करने तथा वर्षा जल संरक्षण के लिए डबरी निर्माण एवं खेतों की मेड़ों की मरम्मत करने की सलाह दी गई है।बागवानी फसलों के संबंध में किसानों को पके हुए आमों की तुड़ाई कर उनकी छंटाई एवं विपणन करने की सलाह दी गई है। साथ ही अदरक एवं हल्दी की बुवाई हेतु खेत तैयार करने तथा उन्नत किस्म के प्रकंदों की व्यवस्था करने को कहा गया है।

नया बाग लगाने के इच्छुक किसान निर्धारित दूरी पर गड्ढे तैयार कर उनमें मिट्टी, गोबर खाद अथवा प्रमाणित कम्पोस्ट खाद एवं रेत का मिश्रण भरें। बेर के बगीचों में ग्राफ्टिंग कार्य के लिए पुरानी शाखाओं की आवश्यक छंटाई करने की भी सलाह दी गई है।मिर्च, बैंगन एवं टमाटर की फसलों में पत्ती सिकुड़न (लीफ कर्ल) रोग की निगरानी करने तथा रोग दिखाई देने पर मिथाइल डेमेटॉन 25 ई.सी. की 2 मिलीलीटर अथवा इमिडाक्लोप्रिड की 0.5 मिलीलीटर मात्रा प्रति लीटर पानी में घोलकर साफ मौसम में छिड़काव करने की सलाह दी गई है।

पशुपालकों को मानसून पूर्व पशुओं में गलघोटू एवं जहरी बुखार के टीके अनिवार्य रूप से लगवाने तथा भेड़ों की ऊन कतराई का कार्य इस सप्ताह पूर्ण करने की सलाह दी गई है, जिससे वर्षाकाल के दौरान पशुओं में रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित हो सके।आनेवाले 2-3 दिनों के दौरान धूल भरी आंधी (हवा की औसत गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा) के साथ-साथ, खण्ड वर्षा होने की संभावना को देखते हुये, किसान भाई बिजली चमकने के समय खुले आसमान में जाने से बचे तथा  पशुओं  को भी खुले में ना रखें, क्योंकि बिजली गिरने का खतरा बना रहता हैं।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements