राज्य कृषि समाचार (State News)

टीकमगढ़ में तीन दिवसीय किसान मेला शुरू, कृषकों को प्रशिक्षण, नई तकनीक और योजनाओं की मिलेगी जानकारी

05 अप्रैल 2026, टीकमगढ़: टीकमगढ़ में तीन दिवसीय किसान मेला शुरू, कृषकों को प्रशिक्षण, नई तकनीक और योजनाओं की मिलेगी जानकारी – केन्द्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने शनिवार को किसान कल्याण वर्ष 2026 के तहत आत्मा एवं राष्ट्रीय तिलहन मिशन योजना अंतर्गत टीकमगढ़ जिले के उत्सव भवन में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय किसान मेला का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ।

इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने तथा खेती को लाभकारी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को आधुनिक तकनीक, उन्नत बीज, सिंचाई सुविधाएं तथा कृषि यंत्रों का उपयोग कर खेती को और अधिक उन्नत बनाना चाहिए। उन्होंने किसानों से केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।

केन्द्रीय मंत्री डॉ. कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में किसानों के हित में अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने वाली योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से किसानों को आर्थिक सहायता, फसल सुरक्षा एवं कृषि उत्पादन बढ़ाने में मदद मिल रही है। उन्होंने किसानों से कहा कि वे कृषि के साथ-साथ पशुपालन, डेयरी, उद्यानिकी एवं मधुमक्खी पालन जैसे अन्य व्यवसायों को भी अपनाएं, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके। उन्होंने कहा कि आज का समय तकनीक आधारित खेती का है और किसानों को नई तकनीकों को अपनाकर खेती में नवाचार करना चाहिए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय ने कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिले में किसानों को शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा एक अप्रैल से खाद/उवर्रक वितरण हेतु ई-विकास प्रणाली पूर्णतः लागू की गई है। अब किसानों को खाद लेने के लिये लम्बी-लम्बी लाईनों में नहीं लगना पड़ेगा। ई-टोकन के माध्यम से किसानों को खाद वितरण, गोदामों में स्टॉक सहित सभी जानकारी मिलेगी। अतः मैं सभी किसानों से आग्रह करता हूं कि सभी किसान ई-विकास पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन करायें।

किसान मेले में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं, जहां किसानों को कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, कृषि अभियांत्रिकी एवं सहकारिता विभाग की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। साथ ही कृषि यंत्रों का प्रदर्शन, उन्नत बीजों की प्रदर्शनी तथा कृषि विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है। केन्द्रीय मंत्री डॉ. कुमार ने अतिथियों के साथ प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा सराहना की। कार्यक्रम में मंच से अतिथियों द्वार विभिन्न कृषकों को शासन की हितग्राहीमूलक योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया।

तीन दिवसीय कृषि मेले में आगामी दिनों में विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण सत्र, कृषक संगोष्ठियां, कृषि विशेषज्ञों के व्याख्यान तथा सफल किसानों के अनुभव साझा किए जाएंगे। मेले का उद्देश्य किसानों को नई तकनीकों एवं शासन की योजनाओं से जोड़कर उनकी आय बढ़ाना एवं खेती को अधिक लाभकारी बनाना है।

इस अवसर पर विवेक चतुर्वेदी, सांसद प्रतिनिधि अनुराग वर्मा, अध्यक्ष कृषि स्थानीय समिति जिला पंचायत छत्रपाल सिंह बुन्देला, पूर्व विधायक पृथ्वीपुर डॉ. शिशुपाल सिंह यादव, अन्य जनप्रतिनिधि, उप संचालक कृषि मनोज कश्यप सहित कृषि विभाग के अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, कृषि वैज्ञानिक तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements