खेती में भी है खूब पैसा! इस किसान ने लाल टमाटर उगाकर की 3 लाख की तगड़ी कमाई, जानें कैसे
28 अप्रैल 2026, रायपुर: खेती में भी है खूब पैसा! इस किसान ने लाल टमाटर उगाकर की 3 लाख की तगड़ी कमाई, जानें कैसे – आज के किसान सरकार की योजनाओं का लाभ लेकर और आधुनिक खेती किसानी की तकनीकों को अपनाकर अपनी आमदनी में इजाफा कर रहे हैं। ऐसे ही छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के अंतर्गत ग्राम बम्बुरडीह के किसान दुबेलाल कोसरे ने आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है। पहले वे पारंपरिक रूप से धान एवं अन्य फसलों की खेती करते थे, जिसमें लागत अधिक होने के बावजूद लाभ सीमित रहता था और आर्थिक स्थिति में खास सुधार नहीं हो पा रहा था।
वर्ष 2025-26 में उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन में उन्हें जानकारी मिली कि उद्यानिकी फसलों के जरिए कम क्षेत्र में अधिक उत्पादन और बेहतर मुनाफा कमाया जा सकता है। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत ग्राफ्टेड टमाटर सीडलिंग प्रदर्शन घटक का लाभ लिया और 30 हजार रुपए का अनुदान प्राप्त कर 0.40 हेक्टेयर भूमि में ग्राफ्टेड टमाटर की खेती शुरू की।
आधुनिक तकनीक से बढ़ा उत्पादन
किसान श्री कोसरे ने बताया कि उन्होंने उन्नत ग्राफ्टेड पौध, ड्रिप सिंचाई और मल्चिंग तकनीक का उपयोग किया, जिससे खेती अधिक वैज्ञानिक और लाभकारी बन गई। इससे उन्हें प्रति एकड़ लगभग 16 से 18 टन तक उत्पादन प्राप्त हुआ।
बाजार में टमाटर का औसत भाव लगभग 20 रुपए प्रति किलो मिलने से उन्हें कुल लगभग 3 लाख 9 हजार रुपए का लाभ हुआ। यह लाभ पारंपरिक धान की खेती की तुलना में कई गुना अधिक रहा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में बड़ा सुधार हुआ है।
अन्य किसानों के लिए बने प्रेरणा
श्री कोसरे अब अन्य किसानों को भी आधुनिक तकनीक अपनाने और उद्यानिकी फसलों की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उनके प्रयासों से ग्राम बम्बुरडीह के कई किसान अब नई तकनीकों को अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

