राज्य कृषि समाचार (State News)

उमरिया कलेक्टर ने खेतों पर पहुंचकर किसानों से किया संवाद, कस्टम हायरिंग सेंटर व सब्जी उत्पादन का लिया जायजा

18 मई 2026, भोपाल: उमरिया कलेक्टर ने खेतों पर पहुंचकर किसानों से किया संवाद, कस्टम हायरिंग सेंटर व सब्जी उत्पादन का लिया जायजा – मध्यप्रदेश के उमरिया जिले की कलेक्टर राखी सहाय ने शुक्रवार को जिले के करकेली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पठारी तथा पाली विकासखंड के ग्राम धौरई का दौरा कर कृषि एवं ग्रामीण आजीविका से जुड़ी गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से संवाद कर योजनाओं के लाभ, उत्पादन एवं रोजगार की स्थिति की जानकारी ली।

ग्राम पठारी में संचालित कस्टम हायरिंग सेंटर के निरीक्षण के दौरान हितग्राही ओमप्रकाश सिंह राठौर ने बताया कि शासन की योजना के अंतर्गत 16 लाख रुपये का प्रकरण स्वीकृत हुआ था, जिसमें उन्हें 6 लाख रुपये से अधिक की सब्सिडी प्राप्त हुई। योजना के माध्यम से उन्होंने इंजन, ट्रॉली, दो थ्रेसर और रोटावेटर सहित अन्य कृषि उपकरण खरीदे। कृषि यंत्रों से होने वाली आय से उन्होंने एक अतिरिक्त थ्रेसर भी खरीदा है। उन्होंने बताया कि कस्टम हायरिंग सेंटर के संचालन से गांव के तीन लोगों को रोजगार मिला है तथा प्रतिमाह लगभग 25 हजार रुपये तक की आय भी हो रही है।

कलेक्टर ने इस पहल को किसानों के लिए उपयोगी बताते हुए अन्य किसानों को भी ऐसी योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। इसके उपरांत कलेक्टर ने पाली विकासखंड के ग्राम धौरई पहुंचकर किसान कल्लू सिंह के खेत में सब्जी उत्पादन का निरीक्षण किया। किसान द्वारा बैंगन,टमाटर,करेला, गोभी एवं खरबूजे की खेती की जा रही है।

उन्होंने बताया कि बैंगन के पौधे बिलासपुर से लाए जाते हैं तथा उत्पादित सब्जियों का विक्रय नौरोजाबाद और पाली बाजार में किया जाता है। निरीक्षण के दौरान यह जानकारी सामने आई कि किसान को अब तक कृषि विभाग की किसी योजना का लाभ प्राप्त नहीं हुआ है। इस पर कलेक्टर ने अधिकारियों को पात्र किसानों तक योजनाओं का समुचित लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही उन्होंने किसानों को किसान उत्पादक संगठन से जोड़कर उनकी फसलों को राज्य एवं देश की बड़ी बाजारों तक पहुंचाने का प्रयास करने कि बात कही।साथ ही किसान को कम लागत में बेहतर उत्पादन के लिए जैविक खेती अपनाने की सलाह दी। निरीक्षण के दौरान उप संचालक कृषि संग्राम सिंह मरावी, सहायक संचालक उद्यानिकी झनक सिंह मरावी, उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं अविनाश सिंह, सहायक कृषि यंत्री मेघा पटले तथा मत्स्य विभाग के जी. लाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements