मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी का कहर जारी, छतरपुर समेत कई जिलों में लू का असर; जबलपुर-सागर संभाग में बारिश- आंधी का अलर्ट
28 मई 2026, भोपाल: मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी का कहर जारी, छतरपुर समेत कई जिलों में लू का असर; जबलपुर-सागर संभाग में बारिश- आंधी का अलर्ट – भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार मध्यप्रदेश में गुरुवार को भी भीषण गर्मी का असर बना रहा। पिछले 24 घंटों के दौरान जबलपुर और सागर संभाग के कुछ जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। राजगढ़, रीवा, छतरपुर, टीकमगढ़, दमोह और दतिया जिलों में लू का प्रभाव देखने को मिला, वहीं छिंदवाड़ा और गुना में गर्म रात की स्थिति बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान में खास बदलाव नहीं हुआ, लेकिन भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर और सागर संभाग के जिलों में तापमान सामान्य से करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस खजुराहो और नौगांव (छतरपुर) में रिकॉर्ड किया गया। दतिया में 45.7 डिग्री, रीवा में 45.4 डिग्री, दमोह में 45.2 डिग्री और राजगढ़-टीकमगढ़ में 45 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में रिकॉर्ड किया गया। रायसेन और गुना में न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जबलपुर में 2.6 मिमी और देवरी-सागर में 3 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके साथ ही जबलपुर में 46 किमी प्रति घंटा, सागर में 43 किमी और शहडोल में 37 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं।
सक्रिय मौसम प्रणालियों से बदल रहा मौसम
IMD के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है और अगले 2 से 3 दिनों के दौरान अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और पूर्वोत्तर क्षेत्रों में इसके और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। इसके अलावा उत्तर पाकिस्तान और उत्तर प्रदेश के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। झारखंड से आंध्रप्रदेश तक ट्रफ लाइन बनी हुई है, जिसका असर मध्यप्रदेश के मौसम पर भी पड़ रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इन्हीं मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से कुछ जिलों में गरज-चमक और हल्की बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं।
इन जिलों में बारिश और आंधी के आसार
मौसम विभाग ने सिंगरौली, सीधी, मऊगंज, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट और पांढुर्णा जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश और बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। जबकि प्रदेश के शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
कई जिलों में हीटवेव और तेज हवाओं का अलर्ट
IMD ने सतना, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में तीव्र ऊष्ण लहर यानी सीवियर हीटवेव की चेतावनी जारी की है। दतिया और भिंड जिलों में हीटवेव के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, उमरिया, कटनी और मैहर जिलों में भी तेज गर्मी का असर बना रहेगा।
छिंदवाड़ा जिले में गर्म रात के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना जताई गई है। गुना में भी गर्म रात का अलर्ट जारी किया गया है। भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, खंडवा, खरगोन, मंदसौर, नीमच, अशोकनगर, शिवपुरी और नरसिंहपुर समेत कई जिलों में ऊष्ण लहर चलने की चेतावनी दी गई है। वहीं ग्वालियर, मुरैना और श्योपुर कलां में गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।
किसानों और पशुपालकों को सावधानी बरतने की सलाह
कृषि मौसम विभाग ने किसानों को तेज गर्मी को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। किसानों से कहा गया है कि मिट्टी में नमी बनाए रखने के लिए हल्की और बार-बार सिंचाई करें तथा पानी की बचत के लिए सुबह या शाम के समय सिंचाई करें। खेतों में मल्चिंग का उपयोग करने और दोपहर की तेज गर्मी में उर्वरक एवं कीटनाशकों के छिड़काव से बचने की सलाह दी गई है।
फसलों में चूसक कीटों की नियमित निगरानी करने और समय पर नियंत्रण उपाय अपनाने को कहा गया है। वहीं पशुपालकों को पशुओं को छायादार और हवादार स्थान पर रखने, दिन में तीन से चार बार साफ पानी उपलब्ध कराने तथा दोपहर 12 से 4 बजे के बीच चराई से बचाने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों तक मौसम में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा, हालांकि इसके बाद तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

