हरियाणा सरकार ने खाद वितरण प्रणाली को डिजिटल प्लेटफार्म से जोड़ा
20 दिसंबर 2025, भोपाल: हरियाणा सरकार ने खाद वितरण प्रणाली को डिजिटल प्लेटफार्म से जोड़ा – हरियाणा सरकार ने खाद वितरण प्रणाली को डिजिटल प्लेटफार्म से जोड़ दिया है। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि राज्य सरकार की नई नीति के तहत खाद की बिक्री अब केवल “मेरी फसल मेरा ब्यौरा (MFMB)” पोर्टल के माध्यम से किए जाने से बड़े परिवर्तनकारी परिणाम सामने आए हैं। यह सुधार इस बात को सुनिश्चित करता है कि सब्सिडी वाली खाद केवल असली किसानों को ही मिले, और “जिसका खेत-उसका खाद” के सिद्धांत को मजबूती मिल सके।
कृषि मंत्री ने बताया कि हरियाणा भारत का पहला राज्य बन गया है, जिसने खाद वितरण प्रणाली को किसान-प्रमाणित डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म से पूरी तरह जोड़ा है। एमएफएमबी और इंटीग्रेटेड फ़र्टिलाइज़र मैनेजमेंट सिस्टम (iFMS) के एकीकरण से थोक खरीद, काला बाज़ारी, और औद्योगिक इकाइयों की ओर खाद की अवैध सप्लाई पर रोक लगी है। किसान कल्याण मंत्री ने बताया कि अब किसानों को खाद तभी मिलती है जब उनकी ज़मीन का रिकॉर्ड, एमएफएमबी पर दर्ज फ़सल विवरण, और आधार-लिंक बैंक विवरण सत्यापित हो जाते हैं। इसके परिणामस्वरूप 25 लाख पंजीकृत किसानों में से 90% किसानों को बिना लाइन लगाए, बिना देरी और बिना किसी पक्षपात के खाद मिल चुकी है। कृषि मंत्री ने बताया कि सबसे बड़ा लाभ गलत उपयोग पर रोक के रूप में मिला है। उन्होंने बताया कि रियल टाइम मॉनिटरिंग और किसान-स्तर पर तय खरीद सीमा से सब्सिडी वाली खाद की हेरा-फेरी बंद हुई है। पिछले छह महीनों में हरियाणा ने 4455 निरीक्षण किए, 120 नोटिस जारी किए, 36 लाइसेंस रद्द या निलंबित किए और 28 एफआईआर दर्ज की गई। नतीजन, डीएपी की हेरा-फेरी में 7.92% और यूरिया में 10.12% की कमी आई।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


