तिल की GT-6 वैरायटी ने बदली किसानों की खेती, असामान्य बारिश के बावजूद फसल पर नहीं पड़ा असर
23 अगस्त 2026, भोपाल: तिल की GT-6 वैरायटी ने बदली किसानों की खेती, असामान्य बारिश के बावजूद फसल पर नहीं पड़ा असर – मध्यप्रदेश के किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा किसानों की आय बढ़ाने और मौसम की अनिश्चितताओं से बचाव के लिए चलाए जा रहे ‘फसल विविधीकरण अभियान’ के सकारात्मक परिणाम अब मैदानी स्तर पर दिखने लगे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत विकासखंड सिहोरा के ग्राम कछपुरा (गोसलपुर) के भ्रमण पर गये अधिकारियों के दल ने ‘नेशनल मिशन ऑन इडीबल ऑयल (तिलहन)’ के अंतर्गत तिल फसल प्रदर्शन का निरीक्षण किया।
‘गुजरात तिल 6’ (जीटी-6) प्रजाति से मिली सफलता :-
कृषि विस्तार अधिकारी अदिति सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में क्षेत्र के उन्नतशील कृषक राजकिशोर पटेल और लक्ष्मी नारायण पटेल ने पारंपरिक फसलों से हटकर इस सीजन में फसल चक्र में बदलाव किया। किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के सहयोग से दोनों किसानों ने 4 एकड़ के रकबे में उच्च गुणवत्ता वाली ‘गुजरात तिल 6’ (जीटी-6) किस्म की बोनी की।
किसानों ने बताया कि धान, मक्का और उड़द की पारंपरिक खेती में उन्हें अक्सर कई समस्याओं का सामना करना पड़ता था। इस बार मानसून की असमान्य वर्षा के बावजूद उनकी तिल की फसल पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ा, जो कम लागत और कम पानी में अधिक सुरक्षित साबित हो रही है।
अधिकारियों ने किया खेतों का निरीक्षण :-
भ्रमण के दौरान उप संचालक कृषि उमेश कटहरे अपनी टीम के साथ किसानों के खेतों में पहुँचे और तिल की फसल का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अन्य किसानों को राजकिशोर पटेल और लक्ष्मी नारायण पटेल की सफलता का उदाहरण देते हुए परंपरागत खेती से हटकर वैकल्पिक और लाभदायक फसलों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
अधिकारियों ने बताया कि अप्रत्याशित मानसून के दौर में कम पानी और कम लागत में बेहतर उत्पादन देने वाली तिलहन फसलें किसानों के लिए एक बेहतरीन विकल्प हैं। इस सफल प्रदर्शन को देखकर क्षेत्र के अन्य किसान भी अब फसल विविधीकरण की ओर आकर्षित हो रहे हैं।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

