पीथमपुर के नट्रेक्स ट्रैक में बोमा तकनीक से नील गायों का सफल रेस्क्यू
18 अप्रैल 2026, धार: पीथमपुर के नट्रेक्स ट्रैक में बोमा तकनीक से नील गायों का सफल रेस्क्यू – धार पीथमपुर स्थित नेट्रेक्स (NATRAX) ऑटो टेस्टिंग ट्रैक परिसर में वन्यजीव संरक्षण की दिशा में एक बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। वन मंडल अधिकारी, धार श्री विजयानंथम टी. आर. के कुशल मार्गदर्शन में ‘अफ्रीकन बोमा पद्धति’ का उपयोग कर नीलगाय को सुरक्षित रेस्क्यू करने का अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है।
ऑपरेशन की मुख्य विशेषताएँ – इस रेस्क्यू ऑपरेशन की विस्तृत कार्ययोजना दिनांक 13 अप्रैल को तैयार की गई थी। इसके अंतर्गत नीलगायों को बिना किसी शारीरिक हानि पहुँचाए पकड़ने के लिए विश्व प्रसिद्ध ‘बोमा तकनीक’ (Enclosure Technique) का चयन किया गया। वन विभाग की यह पहल न केवल मानव-वन्यजीव संघर्ष (Human-Wildlife Conflict) को कम करने में सहायक सिद्ध होगी, बल्कि नेट्रेक्स जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में वन्यजीवों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करेगी। विभाग द्वारा जानकारी दी गई है कि यह रेस्क्यू ऑपरेशन आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा।
अभियान के पहले दिन (14 अप्रैल) को 10 नीलगाय और दूसरे दिन (15 अप्रैल) को 15 नीलगाय, इस प्रकार कुल 25 नीलगायों को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू कर गांधी सागर अभयारण्य में स्थानांतरित किया गया है। इस जटिल ऑपरेशन में सतपुड़ा टाइगर रिजर्व, रातापानी टाइगर रिजर्व और वन मंडल राजगढ़ के विशेषज्ञों सहित रालामंडल अभयारण्य के रेस्क्यू दल ने सहभागिता की। इस अभियान की सफलता में उप वन मंडल अधिकारी श्री सुनील सुलिया, वन परिक्षेत्र अधिकारी (मांडव) श्री सचिन सयदे, सुश्री संगीता रावत (धामनोद), श्री अजय चौहान, श्री आशीष सिंह सिकरवार एवं धार वन मंडल के समस्त अधिकारी-कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

