Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)सरकारी योजनाएं (Government Schemes)

रूफटॉप सोलर पर 78 हज़ार रुपए तक की सब्सिडी, ऐसे करें आवेदन

03 जुलाई 2025, भोपाल: रूफटॉप सोलर पर 78 हज़ार रुपए तक की सब्सिडी, ऐसे करें आवेदन – मध्यप्रदेश ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड (एमपीयूवीएनएल) के प्रबंध निदेशक अमनवीर सिंह बैंस ने मंगलवार को बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार राज्य में “प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली” योजना के तहत 3 किलोवाट तक के रूफटॉप सोलर सिस्टम पर 78,000 रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। उन्होंने लोगों से पोर्टल पर आवेदन कर इस लाभ को लेने की अपील की।

सब्सिडी का ढांचा

बैंस के अनुसार केंद्रीय सरकार द्वारा दिए जा रहे सब्सिडी के दायरे में पहले 2 किलोवाट पर प्रति किलोवाट 30,000 रुपये और तीसरे किलोवाट पर 18,000 रुपये का प्रावधान है। इस प्रकार 3 किलोवाट तक के सिस्टम के लिए कुल 78,000 रुपये की सहायता मिलती है। आवेदनकर्ता स्वयं पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर पाएंगे और राज्य में चालू 850 विक्रेताओं की सूची में से किसी भी विक्रेता को चुन सकेंगे।

अमनवीर सिंह बैंस ने कहा की , “छत पर सोलर सिस्टम लगवाने में शुरू में जो खर्च होगा, वह लगभग 5–6 वर्षों में वापस आ जाता है, बाद में बिल में बचत होती है”

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

मीडिया वर्कशॉप में हुई चर्चा

एमपीयूवीएनएल ने ज्ञान साझेदार CEEW (Council on Energy, Environment and Water) के सहयोग से भोपाल में एक कार्यशाला आयोजित की, जिसमें मीडिया प्रतिनिधियों को राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर रूफटॉप सोलर के प्रावधान, संभावनाएं और चुनौतियां समझाई गईं। कार्यशाला में योजना के उद्देश्य, पोर्टल पर आवेदन प्रक्रिया और सौर ऊर्जा बढ़ावा देने में निगम की भूमिका पर विस्तृत जानकारी दी गई।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

राज्य की अक्षय ऊर्जा नीति

बैंस ने बताया कि मध्यप्रदेश अक्षय ऊर्जा नीति 2025 के अंतर्गत 2030 तक राज्य की कुल बिजली खपत में अक्षय ऊर्जा की हिस्सेदारी 50 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें 2024 में 20 प्रतिशत, 2027 में 50 प्रतिशत और 2030 में 100 प्रतिशत “हरित ऊर्जा अनुपालन” वाले विभाग, मॉडल अक्षय ऊर्जा शहर और “हरित क्षेत्र” शामिल हैं। इसके अलावा, 2030 तक अक्षय ऊर्जा क्षेत्र में 50,000 नई नौकरियाँ पैदा करने का लक्ष्‍य भी निर्धारित है।

जागरूकता अभियान व सोलर वैन

राज्य के विभिन्न संभागीय कार्यालयों में अब तक पांच जागरूकता कार्यशाला आयोजित की जा चुकी हैं, जिनमें जिला स्तर के अधिकारी एवं हितधारक शामिल हुए। जुलाई-अगस्त में अतिरिक्त सत्र आयोजित किए जाने की भी योजना है। साथ ही MPUVNL और CEEW ने पिछले 110 दिनों से “सोलर जागरूकता वैन” अभियान भी चलाया है, जो ग्रामीण व शहरी दोनों क्षेत्रों में योजना की प्रक्रियाएँ और लाभ पहुंचाने का माध्यम बना हुआ है।

एमपीयूवीएनएल ने बताया कि राज्य में अब तक रूफटॉप सोलर प्रणाली लगवाने के लिए हजारों नामांकन हो चुके हैं, लेकिन लक्ष्य के अनुरूप एवं स्थायी ऊर्जा संक्रमण के लिए और अधिक जागरूकता की आवश्यकता है। इच्छुक उपभोक्ता पोर्टल पर जाकर 24×7 आवेदन कर सकते हैं और अपनी छत को सौर ऊर्जा उत्पादन का माध्यम बना सकते हैं।

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्राम, व्हाट्सएप्प)

(कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें)

कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें:

www.krishakjagat.org/kj_epaper/

कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें:

www.global-agriculture.com