सीधी : दामिनी एवं मौसम एप से मिलेगी मौसम संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी
05 सितंबर 2026, सीधी: सीधी : दामिनी एवं मौसम एप से मिलेगी मौसम संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी – जिले में वर्षा एवं आकाशीय बिजली जैसी मौसमी परिस्थितियों को देखते हुए आमजन को मौसम संबंधी जानकारी समय पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दामिनी एप एवं मौसम एप के उपयोग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाई जा रही है। कलेक्टर श्री विकास मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इन एप की उपयोगिता के संबंध में ग्रामीण क्षेत्रों सहित जिले के अधिक से अधिक लोगों को जानकारी दी जाए।
दामिनी एप के माध्यम से आकाशीय बिजली गिरने की संभावित स्थिति की पूर्व चेतावनी प्राप्त की जा सकती है। यह एप बिजली गिरने की संभावना वाले क्षेत्रों की जानकारी एवं चेतावनी उपलब्ध कराने में उपयोगी है। वहीं मौसम एप के माध्यम से मौसम का पूर्वानुमान, तापमान, वर्षा तथा अन्य मौसम संबंधी जानकारियां प्राप्त की जा सकती हैं।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों, आंगनवाड़ी केंद्रों, शासकीय कार्यालयों, विद्यालयों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों के माध्यम से इन एप के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। विशेष रूप से किसानों, ग्रामीणों, विद्यार्थियों, निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों तथा खुले क्षेत्रों में कार्य करने वाले लोगों को एप डाउनलोड करने और मौसम संबंधी चेतावनियों पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया जाए।
कलेक्टर ने कहा कि मौसम संबंधी पूर्व चेतावनी की जानकारी समय पर प्राप्त होने से लोग आवश्यक सावधानी बरत सकते हैं और जोखिम को कम किया जा सकता है। इसलिए नागरिक मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लें और आकाशीय बिजली की संभावना होने पर खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभे एवं अन्य असुरक्षित स्थानों पर जाने से बचें।
प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे अपने मोबाइल फोन में दामिनी एवं मौसम एप डाउनलोड कर मौसम संबंधी अद्यतन जानकारी प्राप्त करें तथा परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इनके उपयोग के लिए प्रेरित करें। ग्राम स्तर पर जनप्रतिनिधियों, पंचायत सचिवों, रोजगार सहायकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं अन्य मैदानी अमले के माध्यम से भी इन एप की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
सावधानी ही सुरक्षा है। मौसम की जानकारी रखें, चेतावनी को समझें और सुरक्षित रहें।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

