सीधी: पराली प्रबंधन अपनाएं, मिट्टी की उर्वरता बढ़ाएं
19 नवंबर 2026, सीधी: सीधी: पराली प्रबंधन अपनाएं, मिट्टी की उर्वरता बढ़ाएं – खरीफ फसलों की कटाई के बाद खेतों में बची पराली (नरवाई) का वैज्ञानिक प्रबंधन मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। पराली जलाने से मिट्टी में मौजूद लाभकारी सूक्ष्मजीव नष्ट होते हैं, भूमि की उर्वरता प्रभावित होती है तथा वायु प्रदूषण बढ़ता है। इसे देखते हुए किसानों को नरवाई नहीं जलाने और उपलब्ध कृषि यंत्रों की सहायता से फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करने की सलाह दी गई है।
सुपर सीडर एवं हैप्पी सीडर से करें प्रबंधन – कंबाइन हार्वेस्टर से फसल कटाई के दौरान स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (एसएमएस) का उपयोग करने से पराली खेत में समान रूप से फैल जाती है। इसके बाद सुपर सीडर एवं हैप्पी सीडर की सहायता से बिना पराली हटाए खेत में अगली फसल की बुवाई की जा सकती है। इससे फसल अवशेषों का खेत में ही प्रबंधन होता है तथा समय और लागत की बचत होती है।
बेलर मशीन से पराली का संग्रहण कर पाएं अतिरिक्त आय – राउंड बेलर एवं स्क्वेयर बेलर मशीन की सहायता से खेतों में बिखरी पराली के बंडल तैयार किए जा सकते हैं। इसका उपयोग सीबीजी प्लांट, बायोमास प्लांट एवं अन्य औद्योगिक कार्यों में किया जा सकता है। किसान इन बंडलों का विक्रय कर अतिरिक्त आय भी प्राप्त कर सकते हैं।
पशुओं के चारे के रूप में करें उपयोग – जहां खेतों में फसल की कटाई रीपर अथवा रीपर बाइंडर से की जाती है, वहां प्राप्त भूसे का उपयोग पशुओं के चारे के रूप में किया जा सकता है। इस प्रकार फसल अवशेषों का उपयोग पशुपालन में भी किया जा सकता है।
एमपी किसान ऐप से किराये पर लें कृषि यंत्र – किसान कृषि यंत्रों की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त करने एवं उन्हें किराये पर लेने के लिए एमपी किसान ऐप अथवा फार्म सर्विसेज ऐप के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इन ऐप के माध्यम से ट्रैक्टर एवं विभिन्न कृषि यंत्र किराए पर प्राप्त किए जा सकते हैं।
किसानों से अपील की गई है कि वे किसी भी स्थिति में पराली न जलाएं, बल्कि उपलब्ध कृषि यंत्रों के माध्यम से फसल अवशेषों का वैज्ञानिक प्रबंधन करें। इससे मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने, पर्यावरण संरक्षण, खेती की लागत कम करने तथा अतिरिक्त आय के अवसर बढ़ाने में मदद मिलेगी।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


